1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold का भाव और हो गया तेज, चांदी में हुआ ये उलटफेर, जानें लेटेस्ट रेट

Gold का भाव और हो गया तेज, चांदी में हुआ ये उलटफेर, जानें लेटेस्ट रेट

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Feb 25, 2025 06:39 pm IST,  Updated : Feb 25, 2025 06:39 pm IST

मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में अप्रैल डिलीवरी के सोने के अनुबंध भाव 275 रुपये बढ़कर 86,459 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए।

रुपये के 87.10 से नीचे कमजोर होने के चलते एमसीएक्स में सोने का कारोबार पॉजिटिव रहा। - India TV Hindi
रुपये के 87.10 से नीचे कमजोर होने के चलते एमसीएक्स में सोने का कारोबार पॉजिटिव रहा। Image Source : FILE

सोने की कीमत में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही। सोने का भाव और 250 रुपये बढ़कर 89,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 250 रुपये बढ़कर 88,950 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि पिछले दिन यह 88,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 20 फरवरी को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 89,450 रुपये और 89,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। पीटीआई की खबर के मुताबिक, हालांकि, चांदी की कीमत 500 रुपये की गिरावट के साथ 1 लाख रुपये के स्तर से नीचे 99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

वायदा कारोबार में आज का रुझान

खबर के मुताबिक, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में अप्रैल डिलीवरी के सोने के अनुबंध 275 रुपये बढ़कर 86,459 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट - कमोडिटी एंड करेंसी, जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रुपये के 87.10 से नीचे कमजोर होने के चलते एमसीएक्स में सोने का कारोबार पॉजिटिव रहा। इस बीच, कॉमेक्स सोना 2,930 और 2,955 डॉलर के बीच सीमित दायरे में रहा। दूसरी तरफ, कमोडिटी एक्सचेंज में मार्च डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 241 रुपये बढ़कर 95,330 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट कमोडिटीज राहुल कलंत्री ने कहा कि औद्योगिक धातुओं में कमजोरी और डॉलर इंडेक्स में तेजी के चलते चांदी की कीमतों में गिरावट आई। ट्रम्प के टैरिफ का भय और औद्योगिक धातुओं पर दबाव के चलते वैश्विक इक्विटी बाजार भी संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में उलटफेर से निचले स्तरों पर चांदी की कीमतों को समर्थन मिल सकता है। मंगलवार को अमेरिकी व्यापार शुल्कों पर अनिश्चितता के बीच आयातकों की महीने के आखिर में डॉलर की मांग के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 51 पैसे की तेज गिरावट के साथ 87.23 (अनंतिम) पर बंद हुआ।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, व्यापारी मंगलवार को जारी होने वाले सीबी कंज्यूमर कॉन्फिडेंस इंडेक्स और रिचमंड मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स सहित मैक्रो डेटा का इंतजार करेंगे, साथ ही यूएस फेडरल रिजर्व के कुछ सदस्यों के भाषण भी होंगे जो बुलियन की कीमतों के लिए दिशा प्रदान करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा