राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली। सोने की कीमत ₹400 प्रति 10 ग्राम बढ़ गई, जबकि चांदी ₹1,500 प्रति किलोग्राम महंगी हुई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, यह तेजी स्टॉकिस्ट्स की ताजा खरीदारी और वैश्विक बाजारों में मजबूती के कारण आया है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, गुरुवार (14 अगस्त 2025) को 99.9% शुद्धता वाला सोना ₹1,01,420 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा,जबकि बुधवार को इसका भाव ₹1,01,020 प्रति 10 ग्राम था। इसी तरह, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत ₹400 बढ़कर ₹1,01,000 प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। इससे पहले बुधवार को इसका भाव ₹1,00,600 था।
Related Stories
चांदी की कीमत भी बढ़ी
चांदी की कीमतों में भी जोरदार बढ़त देखी गई। गुरुवार को ₹1,500 की तेजी के साथ चांदी ₹1,13,500 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई।
क्यों बढ़ीं कीमतें
ऑगमोंट की रिसर्च प्रमुख रेनिशा चैनानी के मुताबिक, ट्रेडर्स को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व सितंबर में ब्याज दरों में कटौती करेगा। अमेरिकी लेबर मार्केट में नरमी और CPI रिपोर्ट से महंगाई पर दबाव कम हुआ है, जिससे गोल्ड-सिल्वर को सपोर्ट मिला।
क्या कहते हैं मार्केट एक्सपर्ट
न्यूयॉर्क में स्पॉट गोल्ड की कीमत हल्की बढ़त के साथ USD 3,356.96 प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है। कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च एवीपी कैनत चैनवाला के मुताबिक, अमेरिका और चीन के बीच 90 दिनों का टैरिफ विराम और अंतरराष्ट्रीय नेताओं की आगामी वार्ताएं सोने की तेजी को सीमित कर सकती हैं।
वहीं, एलकेपी सिक्योरिटीज के VP रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी का कहना है कि डॉलर की कमजोरी से सोने को समर्थन मिला है। जब तक सोना USD 3,280 प्रति औंस से ऊपर बना रहता है, तब तक इसकी दिशा पॉजिटिव रहेगी। हालांकि, वैश्विक बाजार में स्पॉट सिल्वर में 0.41% की गिरावट दर्ज की गई और यह USD 38.35 प्रति औंस पर आ गया।