1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने-चांदी की कीमत में आज कैसी रही हलचल? खरीदारी से पहले जानें प्रति 10 ग्राम Gold का रेट

सोने-चांदी की कीमत में आज कैसी रही हलचल? खरीदारी से पहले जानें प्रति 10 ग्राम Gold का रेट

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Jul 30, 2024 07:26 pm IST,  Updated : Jul 30, 2024 07:47 pm IST

विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) ने कहा कि रिकॉर्ड उच्च कीमतों के कारण जून, 2024 तिमाही के दौरान भारत की सोने की मांग पांच प्रतिशत घटकर 149.7 टन रह गई।

सोने-चांदी की कीमतों में फिलहाल नरम रुख देखा जा रहा है। - India TV Hindi
सोने-चांदी की कीमतों में फिलहाल नरम रुख देखा जा रहा है। Image Source : FILE

दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 550 रुपये की तेजी के साथ 71,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 71,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। भाषा की खबर के मुताबिक, आभूषण विक्रेताओं की मजबूत मांग और वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बाद कीमतों में यह रुझान देखने को मिला। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि दूसरी ओर चांदी की कीमत 84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही। इससे पिछले सत्र में चांदी एक दिन में 4500 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई थी।

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव

खबर के मुताबिक, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव फिर से बढ़कर 71,250 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। इसका पिछला बंद भाव 70,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था। व्यापारियों ने सोने की कीमतों में तेजी का श्रेय स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुख को दिया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स में सोना पिछले बंद भाव से 7.40 डॉलर प्रति औंस बढ़कर 2,432.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।

बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि बैंक ऑफ जापान और अमेरिकी केंद्रीय बैंक की नीतिगत बैठक के नतीजों से पहले सोने की कीमतें एक दायरे में अटकी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स में चांदी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 27.94 डॉलर प्रति औंस हो गई।

घट गई सोने की मांग

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने की उम्मीद है, लेकिन सभी की निगाहें सितंबर में दरों में कटौती के किसी भी संकेत पर रहेंगी। मंगलवार को एक रिपोर्ट में, विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) ने कहा कि रिकॉर्ड उच्च कीमतों के कारण जून, 2024 तिमाही के दौरान भारत की सोने की मांग पांच प्रतिशत घटकर 149.7 टन रह गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।