Friday, February 27, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 1 शेयर पर 18 रुपये का डिविडेंड देगी ये कंपनी, इस दिन खाते में आएंगे पैसे- चेक करें रिकॉर्ड डेट

1 शेयर पर 18 रुपये का डिविडेंड देगी ये कंपनी, इस दिन खाते में आएंगे पैसे- चेक करें रिकॉर्ड डेट

Written By: Sunil Chaurasia Published : Apr 23, 2025 07:54 am IST, Updated : Apr 23, 2025 12:39 pm IST

एचसीएल टेक ने अपने वित्तीय नतीजे घोषित करने के साथ ही शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड का भी ऐलान कर दिया।

hcl tech, hcl tech, hcl tech share price, hcl tech dividend, hcl tech dividend record date, hcl tech- India TV Paisa
Photo:INDIA TV एक शेयर पर मिलेगा 18 रुपये का डिविडेंड

दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजी ने मंगलवार को अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2025) में उनका नेट प्रॉफिट 8.1 प्रतिशत बढ़कर 4307 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 3986 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इसके अलावा, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान कंपनी की ऑपरेशनल इनकम भी 6.1 प्रतिशत बढ़कर 30,246 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 28,499 करोड़ रुपये थी। 

पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का नेट प्रॉफिट 11 प्रतिशत बढ़ा

पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में एचसीएल टेक का नेट प्रॉफिट करीब 11 प्रतिशत बढ़कर 17,390 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 15,710 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 6.5 प्रतिशत बढ़कर 1,17,055 करोड़ रुपये हो गई। चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए, कंपनी को कॉन्सटैंट करेंसी पर अपने रेवेन्यू में 2 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है। बीते वित्त वर्ष में कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 2665 बढ़कर 2,23,420 हो गई।

एक शेयर पर मिलेगा 18 रुपये का डिविडेंड

एचसीएल टेक ने अपने वित्तीय नतीजे घोषित करने के साथ ही शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड का भी ऐलान कर दिया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि एचसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शेयरहोल्डरों के लिए 18 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। इस डिविडेंड के भुगतान के लिए एचसीएल टेक ने 28 अप्रैल को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया है। कंपनी ने बताया कि सभी पात्र निवेशकों के बैंक खाते में 6 मई को डिविडेंड के पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

कल हरे निशान में बंद हुए थे कंपनी के शेयर

बताते चलें कि मंगलवार को एनएसई पर एचसीएल टेक के शेयर 0.26 प्रतिशत (3.90 रुपये) की बढ़त के साथ 1485.90 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। बीते कई दिनों से आईटी शेयरों में जारी बड़ी गिरावट के बीच एचसीएल के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी के शेयर 13 जनवरी को 2012.20 रुपये के भाव तक पहुंचे थे, जो इसका 52 वीक हाई है। पिछले साल 4 जून को कंपनी के शेयर ने 1235.00 रुपये का अपना 52 वीक लो बनाया था।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement