1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Yes Bank में 24.99% हिस्सेदारी हासिल करेगा जापान का SMBC बैंक, RBI से मिली मंजूरी

Yes Bank में 24.99% हिस्सेदारी हासिल करेगा जापान का SMBC बैंक, RBI से मिली मंजूरी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 24, 2025 10:50 am IST,  Updated : Aug 24, 2025 10:50 am IST

भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी अन्य शर्तों के अधीन है, जिनमें बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 के प्रासंगिक प्रावधानों का अनुपालन शामिल है।

yes bank, japan, smbc, smbc bank, Sumitomo Mitsui Financial Group, Sumitomo Mitsui banking corporati- India TV Hindi
एसएमबीसी को नहीं माना जाएगा बैंक का प्रोमोटर Image Source : PTI

प्राइवेट सेक्टर के येस बैंक ने शनिवार को कहा कि आरबीआई ने जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (SMBC) को बैंक में 24.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दे दी है। इससे पहले येस बैंक ने 9 मई, 2025 को SMBC द्वारा भारतीय स्टेट बैंक से 13.19 प्रतिशत हिस्सेदारी और 7 अन्य शेयरहोल्डरों से 6.81 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के साथ येस बैंक में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी थी। येस बैंक के अन्य प्रमुख शेयरहोल्डरों में एक्सिस बैंक, बंधन बैंक, फेडरल बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। 

एसएमबीसी को नहीं माना जाएगा बैंक का प्रोमोटर

येस बैंक ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया, ''इस संबंध में, हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन को 22 अगस्त, 2025 के पत्र के माध्यम से बैंक की चुकता शेयर पूंजी/ मतदान अधिकारों के 24.99 प्रतिशत तक अधिग्रहण के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से मंजूरी मिल गई है।'' इसमें आगे कहा गया कि ये मंजूरी इस पत्र की तारीख से एक साल के लिए वैलिड है। आरबीआई ने आगे स्पष्ट किया कि उक्त अधिग्रहण के बाद एसएमबीसी को बैंक का प्रोमोटर नहीं माना जाएगा। 

इन शर्तों के अधीन है भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी

भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी अन्य शर्तों के अधीन है, जिनमें बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 के प्रासंगिक प्रावधानों, बैंकिंग कंपनियों में शेयरों या मताधिकार के अधिग्रहण पर आरबीआई के मास्टर दिशानिर्देश (समय-समय पर संशोधित) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम, 1999 के प्रावधानों का अनुपालन शामिल है। इसके अलावा, प्रस्तावित लेनदेन के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मंजूरी लेनी होगी।

शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे येस बैंक के शेयर

शुक्रवार को येस बैंक के शेयर बीएसई पर 0.15 रुपये (0.77%) की गिरावट के साथ 19.28 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। येस बैंक के शेयर अभी भी अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं। बीएसई पर येस बैंक के शेयरों का 52 वीक हाई 24.84 रुपये और 52 वीक लो 16.02 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, इस प्राइवेट बैंक का मौजूदा मार्केट कैप 60,480.45 करोड़ रुपये है। बताते चलें कि शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा