1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market में शुरुआती बिकवाली के बाद लौटी रिकवरी, सेंसेक्स 200 अंक टूटकर बंद

Share Market में शुरुआती बिकवाली के बाद लौटी रिकवरी, सेंसेक्स 200 अंक टूटकर बंद

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 10, 2022 04:59 pm IST,  Updated : Oct 10, 2022 05:07 pm IST

वैश्विक बाजार में बड़ी गिरावट का असर आज भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 825.61 अंक तक लुढ़क गया।

Share Market - India TV Hindi
Share Market Image Source : FILE

Highlights

  • सेंसेक्स 200.18 अंक की गिरावट के साथ 57,991.11 अंक पर बंद हुआ
  • निफ्टी भी 73.65 अंक टूटकर 17,241 अंक पर बंद हुआ
  • रुपया चार पैसे गिरकर 82.34 प्रति डॉलर रिकॉर्ड लो पर बंद

Share Market में हफ्ते के पहले दिन सोमवार को बड़ी बिकवाली के बाद बाद में रिकवरी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 200 अंक से अधिक टूटकर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 200.18 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,991.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 825.61 अंक तक नीचे चला गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 73.65 अंक यानी 0.43 प्रतिशत टूटकर 17,241 अंक पर बंद हुआ।

इन शेयरों में रही गिरावट

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से एशियन पेंट्स, आईटीसी, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, नेस्ले और एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, टीसीएस, मारुति, विप्रो, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.14 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,250.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

रुपया चार पैसे गिरकर 82.34 प्रति डॉलर रिकॉर्ड लो पर बंद

अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया सोमवार को शुरूआती बड़ी गिरावट से उबरते हुए चार पैसे टूटकर 82.34 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। निवेशकों के जोखिम लेने से बचने के बीच रुपये में गिरावट आई। कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट और डॉलर सूचकांक में मजबूती से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.68 पर खुला और कारोबार के दौरान 82.69 के निचले स्तर तक गया। अंत में रुपया बड़ी गिरावट से उबरते हुए पिछले बंद भाव के मुकाबले चार पैसे गिरकर 82.34 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले, शुक्रवार को रुपया 13 पैसे की गिरावट लेकर 82.0 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप के बाद बड़ी गिरावट से उबरा

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसंधान विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप और कंपनियों के पूंजी प्रवाह से रुपया शुरुआत में बड़ी गिरावट से उबरा। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी रूपये को समर्थन मिला।’’ इस बीच, दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत चढ़कर 113.05 पर आ गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.22 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके अलावा, बीएसई सेंसेक्स 200.18 अंक या 0.34 प्रतिशत गिरकर 57,991.11 अंक पर आ गया जबकि निफ्टी 73.65 अंक की गिरावट के साथ 17,241.00 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध विक्रेता रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा