1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बड़ी गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 280 अंक टूटकर 83,000 से फिसला, निफ्टी भी पस्त

बड़ी गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 280 अंक टूटकर 83,000 से फिसला, निफ्टी भी पस्त

 Published : Jul 11, 2025 09:35 am IST,  Updated : Jul 11, 2025 10:16 am IST

शुरुआती कारोबारी सत्र में बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग स्थिर कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी पर टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिंडाल्को, ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

निवेशकों को आज के बाजार से ज्यादा उम्मीद नहीं है।- India TV Hindi
निवेशकों को आज के बाजार से ज्यादा उम्मीद नहीं है। Image Source : FILE

अमेरिकी टैरिफ और ग्लोबल संकेतों के बीच सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत की। सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 288.27 अंक की गिरावट के साथ 82,902.01 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 73.90 अंक लुढ़ककर 25,281.35 अंक के लेवल पर था। निवेशकों की आज यानी 11 जुलाई को टीसीएस, टाटा एलेक्सी, आनंद राठी वेल्थ, इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (आईआरईडीए), हिंदुस्तान यूनिलीवर, ग्लेनमार्क फार्मा, एजिस लॉजिस्टिक्स और मेटा इन्फोटेक जैसे स्टॉक्स पर नजर है। 

कौन से स्टॉक सबसे ज्यादा गिरे और चढ़े

शुरुआती कारोबारी सत्र में निफ्टी पर टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिंडाल्को, ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के, जबकि एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे ज़्यादा उछले। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग स्थिर कारोबार कर रहे हैं। सेक्टरों में आईटी, मीडिया इंडेक्स में 1-1 फीसदी और ऑटो इंडेक्स में 0.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

क्या है बड़े स्टॉक्स का हाल

कारोबार के शुरुआती दौर में जेनमार्क के शेयरों में 10% की बढ़ोतरी हुई। निफ्टी बैंक इंडेक्स 0.1% से कम की बढ़त के साथ 57,000 के स्तर से ऊपर बना हुआ है। नतीजों के बाद, टीसीएस और टाटा एलेक्सी के शेयरों में भारी गिरावट आई। साथ ही निफ्टी आईटी भी दबाव में कारोबार कर रहा है, जहाँ इंफोसिस, एचसीएल टेक, विप्रो और कोफोर्ज जैसे प्रमुख शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि टीसीएस के पहली तिमाही के नतीजे आईटी कंपनियों, खासकर लार्जकैप आईटी कंपनियों के लिए जारी संघर्ष का संकेत देते हैं। हालांकि, मिडकैप आईटी कंपनियों के अच्छा प्रदर्शन करने की संभावना है।

ग्लोबल मार्केट में आज का रुख

पीटीआई की खबर के मुताबिक, एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत बढ़कर 68.88 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा