1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market: मंथली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 212 अंक चढ़ा, निफ्टी 80 अंक मजबूत

Share Market: मंथली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 212 अंक चढ़ा, निफ्टी 80 अंक मजबूत

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 27, 2022 05:38 pm IST,  Updated : Oct 27, 2022 05:38 pm IST

सेंसेक्स 212.88 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 59,756.84 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 80.60 अंक की बढ़त दर्ज की और 17,736.95 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : FILE

Share Market में गुरुवार को मंथली एक्सपायरी के दिन तेजी दर्ज की गई। ग्लोबल मार्केट के मिले-जुले संकेतों के बीच धातु एवं रियल्टी शेयरों में अच्छी तेजी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 212.88 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 59,756.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 415.98 अंक यानी 0.69 प्रतिशत तक उछल गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी 80.60 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की और 17,736.95 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजारों में बुधवार को ‘दिवाली बलिप्रतिपदा’ के अवसर पर कारोबार बंद रहा था।

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, पावर ग्रिड, सन फार्मा, भारती एयरटेल, टाइटन, एक्सिस बैंक, डॉ रेड्डीज लैब और एनटीपीसी ने प्रमुख रूप से बढ़त दर्ज की। वहीं, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा और नेस्ले के शेयर नुकसान में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के निक्की और चीन के शंघाई कम्पोजिट गिरावट पर रहे। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिली-जुली स्थिति में कारोबार कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट 0.13 प्रतिशत बढ़त के साथ 95.79 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारतीय बाजारों से निकासी का सिलसिला जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 247.01 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

रुपया 34 पैसे की तेजी के साथ 82.47 प्रति डॉलर

अमेरिकी डॉलर के अपने उच्चतम स्तर से नीचे आने के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया 34 पैसे की तेजी के साथ 82.47 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.15 पर खुला और बाद में इसने 82.14 के उच्चस्तर तथा 82.51 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 34 पैसे मजबूत होकर 82.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया सात पैसे की तेजी के साथ 82.81 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। बुधवार को दिवाली बलिप्रतिपदा के मौके पर विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार बंद रहे। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 110.09 पर था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा