1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. हफ्ते के पहले दिन फिसला शेयर बाजार, सेंसेक्स 370 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के नीचे बंद; बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट

हफ्ते के पहले दिन फिसला शेयर बाजार, सेंसेक्स 370 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के नीचे बंद; बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jun 29, 2026 04:05 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 04:05 pm IST

शेयर बाजार में सोमवार को दिन की शुरुआत अच्छी होने के बावजूद कारोबार के अंत तक बिकवाली हावी हो गई। सेंसेक्स अपने दिन के उच्च स्तर से करीब 500 अंक लुढ़क गया और आखिर में 370 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।

गिरावट के साथ बंद हुआ...- India TV Hindi
गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार Image Source : CANVA

हफ्ते की शुरुआत शेयर बाजार के लिए अच्छी नहीं रही। सोमवार को दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद बाजार लाल निशान में बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स अपने दिन के हाई लेवल से करीब 500 अंक तक फिसल गया, जबकि निफ्टी भी 24,000 के अहम स्तर के नीचे बंद हुआ। ऑटो, बैंकिंग और आईटी शेयरों में बिकवाली के चलते निवेशकों की धारणा कमजोर रही।

कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 372.10 अंक यानी 0.48 फीसदी की गिरावट के साथ 76,728.37 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 109.75 अंक यानी 0.46 फीसदी टूटकर 23,946.25 पर आ गया। बाजार में गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगभग 2,472 शेयरों में कमजोरी रही, जबकि सिर्फ 1,681 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

ऑटो और बैंकिंग शेयरों ने बढ़ाया दबाव

सोमवार को सबसे ज्यादा दबाव ऑटो सेक्टर में देखने को मिला। कमजोर मांग की चिंता और मुनाफावसूली के चलते निफ्टी ऑटो इंडेक्स करीब 2 फीसदी तक टूट गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो और आयशर मोटर्स जैसे प्रमुख शेयरों में 1 से 2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक समेत कई बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। आईटी सेक्टर भी कमजोर रहा। टीसीएस और इंफोसिस जैसे दिग्गज शेयरों में करीब 1 फीसदी की गिरावट आई। वहीं, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के शेयरों में करीब 10 फीसदी की तेज गिरावट ने पूरे आईटी सेक्टर पर दबाव बढ़ा दिया।

29 जून 2026 का निफ्टी50 हीटमैप
Image Source : NSE OFFICIAL WEBSITE29 जून 2026 का निफ्टी50 हीटमैप

फार्मा और हेल्थकेयर ने संभाला मोर्चा

जहां एक ओर ऑटो और आईटी शेयरों में कमजोरी रही, वहीं दूसरी ओर फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया। डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज के शेयर 4 फीसदी से अधिक चढ़े। इसके अलावा सिप्ला, सन फार्मा, मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल्स, टोरेंट फार्मा और ग्लेनमार्क फार्मा के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। इसी वजह से निफ्टी फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए।

क्यों आई बाजार में गिरावट?

विश्लेषकों के अनुसार, निवेशकों ने पिछले दो दिनों की तेजी के बाद मुनाफावसूली की। ऑटो और आईटी शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बनाया। वहीं, कुछ कंपनियों के महंगे वैल्यूएशन और कारोबारी अनिश्चितताओं को लेकर भी निवेशकों में सतर्कता दिखाई दी।

यह भी पढ़ें- 11% की भारी गिरावट के साथ लिस्ट हुआ ये IPO, फ्लॉप साबित हुआ कंपनी में पैसा लगाने का फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा