1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में जबरदस्त रिकवरी, दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 250 अंक चढ़ा; IndiGo और Trent के स्टॉक्स ने मचाई धूम!

शेयर बाजार में जबरदस्त रिकवरी, दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 250 अंक चढ़ा; IndiGo और Trent के स्टॉक्स ने मचाई धूम!

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 18, 2026 03:55 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 04:03 pm IST

भारतीय शेयर बाजार में आज का दिन बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव भरा रहा। सुबह के कारोबारी सत्र में आई सुस्ती और बिकवाली के दबाव को पीछे छोड़ते हुए दलाल स्ट्रीट ने आखिरी घंटों में ऐसी शानदार वापसी की, जिससे बाजार हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहा।

बढ़त के साथ बंद हुआ...- India TV Hindi
बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार Image Source : ANI

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन अंत में निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। दिनभर लाल और हरे निशान के बीच झूलने के बाद भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 250 अंकों से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 24,150 के अहम स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहा। खास बात यह रही कि एविएशन, हेल्थकेयर और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में शानदार खरीदारी देखने को मिली।

कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 254.36 अंक या 0.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,409.98 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 82.30 अंक या 0.34 प्रतिशत की बढ़त लेकर 24,168 पर पहुंच गया। बाजार में आज चौतरफा खरीदारी का माहौल था, जिसके चलते करीब 2,280 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि 1,772 शेयर गिरावट के साथ और 169 शेयर सपाट बंद हुए। लार्जकैप के साथ-साथ आज निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों ने भी अपनी चमक बिखेरी और दोनों 0.4-0.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

बाजार बंद होते वक्त सेंसेक्स का हीटमैप
Image Source : BSE OFFICIAL WEBSITEबाजार बंद होते वक्त सेंसेक्स का हीटमैप

इंडिगो और ट्रेंट के शेयरों की अच्छी खरीदारी

ऊपर सेंसेक्स के हीटमैप से स्पष्ट जानकारी मिलती है, आज के मार्केट मूवर्स में एविएशन और रिटेल सेक्टर्स का दबदबा रहा। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) का शेयर 2.73% की तूफानी तेजी के साथ ₹5,011.70 के भाव पर बंद होकर सबसे आगे रहा। इसके अलावा बाजार को सहारा देने वाले अन्य टॉप शेयर्स इस प्रकार हैं-

  1. ट्रेंट: टाटा ग्रुप की यह रिटेल कंपनी 2.52% की बढ़त लेकर ₹3,179.70 पर बंद हुई.
  2. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स: रक्षा क्षेत्र के इस शेयर में 2.08% का उछाल रहा और यह ₹428.55 पर पहुंच गया.
  3. एनटीपीसी: पावर सेक्टर का यह दिग्गज शेयर 2.00% चढ़कर ₹362.50 पर बंद हुआ।
  4. एसबीआई: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक के शेयर ने 1.64% की तेजी दिखाई।

मैक्स हेल्थकेयर और अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर भी आज के टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे।

IT और एनर्जी सेक्टर पर रहा दबाव

जहां एक तरफ मीडिया, फार्मा, पीएसयू बैंक और रियलिटी इंडेक्स 0.5% की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, वहीं दूसरी तरफ आईटी (IT) और एनर्जी सेक्टर्स में आज कमजोरी दर्ज की गई. सेंसेक्स हीटमैप के अनुसार, आईटी हैवीवेट इंफोसिस -2.66% की बड़ी गिरावट के साथ ₹1,127.25 पर बंद हुआ। इसके अलावा, टेक महिंद्रा (-1.07%), मारुति सुजुकी (-1.04%), टीसीएस (-0.86%) और टाटा कंज्यूमर के शेयरों में भी गिरावट रही।

रुपया 20 पैसे मजबूत

शेयर बाजार की इस शानदार रिकवरी के बीच करेंसी मार्केट से भी अच्छी खबर आई। भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार पांचवें सत्र में मजबूती बनाए रखते हुए 20 पैसे मजबूत होकर 94.33 के स्तर पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद 94.53 के मुकाबले एक बड़ी बढ़त है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा