1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 16 जुलाई 2026 Stock Market Updates: सेंसेक्स 120 अंक उछला, निफ्टी 24,100 के पार; Paytm और HDFC Life ने भरी उड़ान, ICICI Lombard 10% तक टूटा

16 जुलाई 2026 Stock Market Updates: सेंसेक्स 120 अंक उछला, निफ्टी 24,100 के पार; Paytm और HDFC Life ने भरी उड़ान, ICICI Lombard 10% तक टूटा

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 16, 2026 09:39 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 10:15 am IST

16 जुलाई 2026 Stock Market Updates: गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 120 अंकों से ज्यादा चढ़ा, जबकि निफ्टी 24,100 के स्तर के ऊपर कारोबार करता दिखा। आईटी और चुनिंदा ब्लूचिप शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जबकि कुछ बीमा और वित्तीय शेयरों पर दबाव बना रहा।

शेयर बाजार में तेजी- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी Image Source : CANVA

16 जुलाई 2026 Stock Market Updates: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बावजूद गुरुवार 16 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार ने अच्छी शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 120 से ज्यादा अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी 24,100 के अहम स्तर के ऊपर कारोबार करता नजर आया। आईटी और चुनिंदा ब्लूचिप शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। वहीं दूसरी ओर, कमजोर तिमाही नतीजों के बाद ICICI Lombard के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली और शेयर 10 फीसदी तक टूट गया।

सेंसेक्स और निफ्टी ने की मजबूत शुरुआत

शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 225.87 अंक की तेजी के साथ 77,411.30 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, निफ्टी भी 67.30 अंक की बढ़त के साथ 24,145.80 पर पहुंच गया। बाजार में चौतरफा खरीदारी के माहौल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 1543 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि 742 शेयर गिरावट के साथ और 144 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार कर रहे थे। आज के कारोबार में आईटी सेक्टर और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों का जलवा रहा। निफ्टी के टॉप गेनर्स में एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, हिंडाल्को और विप्रो जैसे शेयर शामिल रहे। बता दें कि बुधवार को भी सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुए थे

Paytm और HDFC Life ने भरी उड़ान, इन शेयरों में रही सुस्ती

सकारात्मक रुख के बीच पेटीएम और एचडीएफसी लाइफ जैसे प्रमुख शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिसके चलते इन्होंने ऊपर की तरफ उड़ान भरी। इसके उलट, बाजार की इस तेजी में भी कुछ शेयरों को बिकवाली का सामना करना पड़ा। निफ्टी पर गिरने वाले प्रमुख शेयरों में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, ग्रासिम, ओएनजीसी, बजाज फिनसर्व और आयशर मोटर्स शामिल रहे, जो लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

ICICI Lombard का शेयर क्यों टूटा?

बाजार की इस तेजी के बीच आज सबसे ज्यादा नुकसान आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस के निवेशकों को हुआ, जिसका शेयर करीब 10 फीसदी तक क्रैश कर गया। दरअसल, कंपनी द्वारा बुधवार को जारी किए गए चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1) के खराब वित्तीय नतीजों के चलते भारी बिकवाली देखी गई। कंपनी का शुद्ध मुनाफा एक साल पहले के 747 करोड़ रुपये से घटकर 403 करोड़ रुपये रह गया, यानी करीब 46 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। कंपनी ने बताया कि फायर इंश्योरेंस से जुड़े दो बड़े दावों और मोटर थर्ड पार्टी (TP) पोर्टफोलियो पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का असर उसके मुनाफे पर पड़ा। हालांकि, कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,813 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 6,083 करोड़ रुपये थी।

यह भी पढ़ें- FII इंवेस्टमेंट धीरे-धीरे करेगा वापसी, 1 साल में 10% तक चढ़ सकता है निफ्टी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा