1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: दिन के निचले स्तर से 350 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 24,000 के पार हुआ बंद; जानिए बाजार में क्यों अचानक आई रिकवरी?

Stock Market: दिन के निचले स्तर से 350 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 24,000 के पार हुआ बंद; जानिए बाजार में क्यों अचानक आई रिकवरी?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 19, 2026 03:55 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 04:09 pm IST

भारतीय शेयर बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह के कारोबारी सत्र में भारी बिकवाली के चलते बाजार में कोहराम मच गया था लेकिन आखिरी घंटों में निचले स्तरों पर आई जोरदार रिकवरी के दम पर दलाल स्ट्रीट ने कुछ हद तक वापसी की।

शेयर बाजार में आज...- India TV Hindi
शेयर बाजार में आज उतार-चढ़ाव ज्यादा देखने को मिला। Image Source : ANI/CANVA

शेयर बाजार में शुक्रवार को काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर भारी दबाव था, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ बाजार में खरीदारी लौटने लगी और प्रमुख सूचकांकों ने अपने निचले स्तर से शानदार रिकवरी दिखाई। बीएसई सेंसेक्स दिन के सबसे निचले स्तर से करीब 350 अंक तक उछल गया, जबकि निफ्टी भी 24,000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर बंद होने में सफल रहा। 

शुक्रवार को सेंसेक्स 607.08 अंकों की गिरावट के साथ 76,802.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 154.90 अंक टूटकर 24,013.10 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि ये दोनों सूचकांक लाल निशान में बंद हुए हैं, लेकिन सुबह के मुकाबले यह स्थिति बहुत बेहतर है। सुबह के वक्त सेंसेक्स 940.26 और निफ्टी 266.10 अंकों की गिरावट के साथ खुला था। लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद बाजार की चौतरफा रिकवरी से स्थिति सुधरी और मार्केट ब्रेड्थ में भी बड़ा सुधार दिखा। बाजार बंद होने तक 2,137 शेयर बढ़त के साथ और 1,905 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

बाजार में क्यों आई रिकवरी?

शेयर बाजार की रिकवरी के पीछे कई अहम कारण रहे। सबसे बड़ा कारण निचले स्तरों पर हुई वैल्यू बायिंग रही। शुरुआती गिरावट के बाद निवेशकों ने कई अच्छे शेयरों को आकर्षक कीमतों पर खरीदना शुरू कर दिया, जिससे बाजार को सहारा मिला। इसके अलावा बाजार में डर और अनिश्चितता को मापने वाला इंडिया विक्स (India VIX) भी दिन के दौरान नीचे आया। इससे संकेत मिला कि निवेशकों की घबराहट कम हो रही है और निकट भविष्य में बाजार में अत्यधिक उतार-चढ़ाव की आशंका भी घटी है। वहीं, मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि निफ्टी के लिए 23,900 का स्तर काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ। जैसे ही यह स्तर बना रहा, निवेशकों को भरोसा मिला कि बाजार में और बड़ी गिरावट फिलहाल टल सकती है।

सेंसेक्स हीटमैप

सेंसेक्स हीटमैप
Image Source : BSE OFFICIAL WEBSITEसेंसेक्स हीटमैप

सेंसेक्स हीटमैप को देखने से साफ पता चलता है कि बाजार पर आज बिकवाली का भारी दबाव रहा। कुल 30 प्रमुख शेयरों में से 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए हैं, जबकि केवल 13 शेयर ही हरे निशान में टिकने में कामयाब रहे। ETERNAL के शेयर 2.21% की तूफानी तेजी के साथ ₹264.20 पर टॉप गेनर रहा। इसके अलावा, भारती एयरटेल 1.80%, पावर ग्रिड 1.32%, NTPC 1.04%, टाइटन 0.84%, सनफार्मा 0.79%, आईटीसी 0.79% और ट्रेंट 0.77% की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। वहीं, सबसे बड़ी गिरावट इंफोसिस में रही, जो 6.69% क्रैश होकर ₹1051.85 पर बंद हुआ। वहीं, टीसीएस 3.53%, एचसीएल टेक 2.74%, टेक महिंद्रा 2.47%, एचडीएफसी बैंक 2.32% और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.11% टूट कर बंद हुए।

यह भी पढ़ें- Reliance AGM 2026: Jio के आईपीओ को बोर्ड की मंजूरी, जल्द फाइल होगा DRHP; मुकेश अंबानी का बड़ा ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा