1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में तीसरे दिन भी जबरदस्त तेजी! सेंसेक्स-निफ्टी की शानदार बढ़त, ऑटो और फाइनेंशियल स्टॉक्स भागे

शेयर बाजार में तीसरे दिन भी जबरदस्त तेजी! सेंसेक्स-निफ्टी की शानदार बढ़त, ऑटो और फाइनेंशियल स्टॉक्स भागे

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 31, 2026 04:05 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 04:05 pm IST

31 जुलाई को कारोबार के अंत में सेंसेक्स 166.49 अंक चढ़कर 78,094.64 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 66.45 अंक की बढ़त के साथ 24,383.60 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में कुल 2,444 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,607 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार में तेजी- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी Image Source : CANVA

लगातार तीसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिला। गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ बंद हुए। ऑटो, फाइनेंशियल और मीडिया शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को मजबूती दी। हालांकि आईटी शेयरों में बिकवाली देखने को मिली, लेकिन दूसरे सेक्टर्स के दम पर बाजार ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। इससे निवेशकों की संपत्ति में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 166.49 अंक की बढ़त के साथ 78,094.64 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 66.45 अंक चढ़कर 24,383.60 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में खरीदारी का दायरा भी मजबूत रहा। कुल 2,444 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 1,607 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

इन शेयरों ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत

निफ्टी में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अदाणी पोर्ट्स सबसे बड़े गेनर्स रहे। इन शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को मजबूती मिली। दूसरी ओर टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, मैक्स हेल्थकेयर और इटरनल जैसे शेयरों में कमजोरी रही।

निफ्टी 50 के टॉप गेनर और लूजर की लिस्ट

निफ्टी 50 के टॉप गेनर निफ्टी 50 के टॉप लूजर
बजाज फाइनेंस - 8.32% टीसीएस - 2.71%
बजाज फिनसर्व - 6.37% एटरनल - 2.58%
जियो फाइनेंशियल - 3.71% इंफोसिस - 2.18%
महिंद्रा एंड महिंद्रा - 3.33% मैक्स हेल्थ - 2.08%
श्रीराम फाइनेंस - 1.85% ITC - 1.42%

ऑटो और फाइनेंशियल सेक्टर बने बाजार के हीरो

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मीडिया इंडेक्स करीब 2 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा ऑटो इंडेक्स में 1.6 फीसदी, ऑयल एंड गैस और एनर्जी इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। फार्मा, इंफ्रा और पीएसयू बैंक शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं आईटी इंडेक्स में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट रही, जबकि एफएमसीजी सेक्टर भी हल्की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी

बड़े शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में भी निवेशकों ने भरोसा दिखाया। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स करीब 0.4 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। लगातार तीसरे दिन बाजार में आई तेजी से संकेत मिल रहे हैं कि निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- अडाणी पोर्ट्स का प्रॉफिट 10% बढ़कर हुआ ₹3649.50 करोड़, इनकम में भी बंपर उछाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा