1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डिमर्जर के पहले दिन वेदांता ग्रुप ने बनाया ₹49,000 करोड़ की मार्केट वैल्यू का रिकॉर्ड, शेयर बाजार में मची हलचल

डिमर्जर के पहले दिन वेदांता ग्रुप ने बनाया ₹49,000 करोड़ की मार्केट वैल्यू का रिकॉर्ड, शेयर बाजार में मची हलचल

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 15, 2026 02:25 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 02:25 pm IST

भारत के शेयर बाजार में सोमवार का दिन वेदांता ग्रुप के लिए बेहद खास रहा। लंबे समय से चर्चा में रहे वेदांता डिमर्जर के बाद कंपनी की चार नई यूनिट्स की लिस्टिंग हुई, जिसके साथ ही समूह ने निवेशकों के लिए करीब ₹49,000 करोड़ की एक्स्ट्रा मार्केट वैल्यू पैदा कर दी।

लिस्टिंग डे पर...- India TV Hindi
लिस्टिंग डे पर वेदांता डिमर्जर ने किया कमाल! Image Source : ANI

वेदांता ग्रुप के डिमर्जर ने शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। डिमर्जर के पहले ही दिन समूह ने करीब ₹49,000 करोड़ की एक्स्ट्रा मार्केट वैल्यू अनलॉक कर निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लंबे समय से जिस कॉर्पोरेट पुनर्गठन का इंतजार किया जा रहा था, उसने यह साबित कर दिया कि अलग-अलग कारोबारों को स्वतंत्र पहचान देने से उनकी वास्तविक कीमत सामने आ सकती है। अब वेदांता ग्रुप की कुल पांच कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं और निवेशकों को अलग-अलग सेक्टर में निवेश का विकल्प मिल गया है।

सोमवार को ट्रेडिंग के दौरान वेदांता लिमिटेड और उसकी चार नई लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹3.52 लाख करोड़ पहुंच गया। यह आंकड़ा डिमर्जर से पहले 29 अप्रैल को वेदांता लिमिटेड की करीब ₹3.03 लाख करोड़ की मार्केट वैल्यू से लगभग ₹49,000 करोड़ अधिक है। निवेशकों ने अब अलग-अलग कंपनियों को उनके कारोबार की क्षमता के आधार पर अधिक मूल्य दिया है। यही वजह है कि ग्रुप की कुल वैल्यू में बड़ा उछाल देखने को मिला।

एल्यूमिनियम कारोबार बना सबसे बड़ा सितारा

नई सूचीबद्ध कंपनियों में सबसे ज्यादा चर्चा वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड की रही। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹1.94 लाख करोड़ पहुंच गया, जो डिमर्जर से पहले पूरी वेदांता लिमिटेड की वैल्यू के 60 प्रतिशत से भी ज्यादा है। यह दिखाता है कि एल्यूमिनियम कारोबार समूह की सबसे मजबूत संपत्तियों में से एक है और निवेशक इसके भविष्य को लेकर काफी आशावादी हैं।

बाकी नई कंपनियों को भी मिला अच्छा मूल्यांकन

डिमर्जर के बाद वेदांता पावर लिमिटेड का मार्केट कैप लगभग ₹15,947 करोड़ रहा। वहीं वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड की वैल्यू करीब ₹14,116 करोड़ और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड की वैल्यू लगभग ₹8,235 करोड़ आंकी गई। हालांकि लिस्टिंग के दिन सभी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा। कुछ शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली, जबकि कुछ ने अपर सर्किट छू लिया।

शेयरधारकों को मिला बड़ा फायदा

डिमर्जर योजना के तहत वेदांता के निवेशकों को रिकॉर्ड डेट के अनुसार प्रत्येक शेयर पर चार नई कंपनियों का एक-एक शेयर मिला है। इससे निवेशकों को एक ही समूह के भीतर अलग-अलग सेक्टरों में हिस्सेदारी रखने का मौका मिला है। विश्लेषकों का कहना है कि पहले वेदांता का विविध कारोबार एक ही कंपनी के तहत होने के कारण कांग्लोमेरेट डिस्काउंट का शिकार था। निवेशकों के लिए अलग-अलग बिजनेस की सही कीमत तय करना मुश्किल होता था।

यह भी पढ़ें- Share Market: अमेरिका-ईरान शांति समझौते से बम-बम हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1100 अंक उछला; निफ्टी भी 350 अंक चढ़ा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा