नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। एयरपोर्ट से अब जयपुर, श्रीनगर, भोपाल समेत 11 नए शहरों के लिए घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू हो गई हैं। इन नई उड़ानों के शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली के अन्य एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को तेज और सुविधाजनक हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
11 नए शहरों से जुड़ा नोएडा एयरपोर्ट
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए नोएडा एयरपोर्ट से 11 नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू की हैं। इनमें जयपुर, श्रीनगर, जोधपुर, लखनऊ, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, चंडीगढ़, बरेली और किशनगढ़ शामिल हैं। इनमें से बरेली और किशनगढ़ के लिए सप्ताह के तय दिनों में उड़ानें संचालित होंगी, जबकि बाकी शहरों के लिए नियमित शेड्यूल के अनुसार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
अब कुल 16 शहरों के लिए उड़ानें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का संचालन 15 जून से शुरू हुआ था। शुरुआत में बेंगलुरु, नवी मुंबई, अमृतसर, हैदराबाद और जम्मू के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू की गई थीं। अब 11 नए शहर जुड़ने के बाद एयरपोर्ट से संचालित होने वाले घरेलू रूटों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। फिलहाल एयरपोर्ट से इंडिगो और अकासा एयर अपनी सेवाएं दे रही हैं। वहीं, आने वाले समय में एयर इंडिया एक्सप्रेस के भी यहां से उड़ानें शुरू करने की संभावना जताई जा रही है।
बेंगलुरु और जोधपुर रूट पर सबसे ज्यादा मांग
नई उड़ानों के बीच यात्रियों का उत्साह भी देखने को मिला। बेंगलुरु और जोधपुर जाने वाली फ्लाइट्स के लिए सबसे अधिक बुकिंग दर्ज की गई। बेंगलुरु की उड़ान में लगभग 95 फीसदी सीटें पहले ही बुक हो चुकी थीं, जबकि जोधपुर रूट पर 83 फीसदी सीटें भर गईं। इससे साफ है कि इन रूटों पर यात्रियों की मांग काफी अधिक है।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
नए शहरों के जुड़ने से पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को नई गति मिलेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट धीरे-धीरे उत्तर भारत का एक प्रमुख एविएशन हब बनता जा रहा है। आने वाले महीनों में और नए रूट जुड़ने से यात्रियों को ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे और दिल्ली-एनसीआर के एयर ट्रैफिक पर भी दबाव कम होने की उम्मीद है।