1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. सरकार का बड़ा फैसला! NPS में जुड़े 2 नए इन्वेस्टमेंट ऑप्शन, जानिए किस प्लान में होगा ज्यादा फायदा

सरकार का बड़ा फैसला! NPS में जुड़े 2 नए इन्वेस्टमेंट ऑप्शन, जानिए किस प्लान में होगा ज्यादा फायदा

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jul 07, 2026 09:20 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 09:20 pm IST

अगर आप नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने NPS के तहत दो नए निवेश विकल्पों का दायरा बढ़ा दिया है।

सरकार ने खोले निवेश के...- India TV Hindi
सरकार ने खोले निवेश के नए रास्ते Image Source : CANVA

अगर आप नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करते हैं या किसी केंद्रीय स्वायत्त निकाय में नौकरी करते हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने NPS के तहत दो नए इन्वेस्टमेंट ऑप्शन्स का दायरा बढ़ा दिया है। अब केंद्रीय स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों को भी ये नए ऑप्शन मिलेंगे, जिससे वे अपनी जोखिम उठाने की क्षमता और रिटायरमेंट प्लानिंग के अनुसार बेहतर निवेश चुन सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस फैसले से NPS और ज्यादा आकर्षक बनेगा और कर्मचारियों को भविष्य के लिए बेहतर रिटर्न हासिल करने का मौका मिलेगा।

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?

वित्त मंत्रालय के अनुसार, पहले Aggressive Life Cycle Fund (LC-75) और Balanced Life Cycle Fund (BLC) का ऑप्शन केवल केंद्र सरकार के NPS कर्मचारियों के लिए उपलब्ध था। अब इन दोनों निवेश ऑप्शन्स को केंद्रीय स्वायत्त निकायों (CABs) के कर्मचारियों के लिए भी लागू कर दिया गया है। इसके लिए व्यय विभाग ने संबंधित अधिसूचना को CAB कर्मचारियों पर भी लागू करने का फैसला लिया है।

क्या है LC-75-High?

सरकार ने एग्रेसिव लाइफ साइकल फंड का नाम बदलकर LC-75-High कर दिया है। इस स्कीम में निवेशकों को 75 प्रतिशत तक इक्विटी में निवेश का मौका मिलता है। यह ऑप्शन उन लोगों के लिए बेहतर माना जा रहा है जो लंबी अवधि में ज्यादा रिटर्न चाहते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं।

बैलेंस्ड लाइफ साइकल फंड में क्या खास है?

बैलेंस्ड लाइफ साइकल फंड अब नया एग्रेसिव लाइफ साइकल फंड बन गया है। इसमें अधिकतम 50 प्रतिशत तक इक्विटी निवेश किया जा सकता है। इस स्कीम की खास बात यह है कि 45 वर्ष की उम्र के बाद धीरे-धीरे इक्विटी निवेश कम होता जाता है, जिससे रिटायरमेंट के करीब पहुंचने पर जोखिम भी कम हो जाता है। यह उन निवेशकों के लिए अच्छा ऑप्शन माना जाता है जो बैलेंस रिटर्न और कम जोखिम चाहते हैं।

सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

वित्त मंत्रालय का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य NPS निवेशकों को ज्यादा लचीलापन देना है। अब कर्मचारी अपनी वित्तीय जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और रिटायरमेंट की योजना के अनुसार सही इन्वेस्टमेंट ऑप्शन चुन सकेंगे। सरकार का मानना है कि नए ऑप्शन्स से NPS की लोकप्रियता बढ़ेगी और कर्मचारियों को भविष्य के लिए बेहतर पेंशन फंड तैयार करने में मदद मिलेगी।

निवेशकों के लिए क्या है सबसे बड़ा फायदा?

इन नए ऑप्शन्स के लागू होने के बाद केंद्रीय स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों के पास पहले से ज्यादा इन्वेस्टमेंट ऑप्शन्स होंगे। जो कर्मचारी ज्यादा रिटर्न चाहते हैं, वे LC-75-High चुन सकते हैं, जबकि सुरक्षित और संतुलित निवेश पसंद करने वाले बैलेंस्ड लाइफ साइकल फंड का ऑप्शन अपना सकते हैं। इससे रिटायरमेंट प्लानिंग पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और पर्सनल जरूरतों के अनुरूप हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- PPF से लेकर सुकन्या समृद्धि तक, सरकार ने छोटी बचत योजनाओं के ब्याज दरों में लगातार 9वीं बार नहीं किया बदलाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

NPS