1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार ने बढ़ाया कारपेट एरिया, अब 2100 वर्ग फीट तक के मकान पर मिलेगी ब्‍याज में छूट

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार ने बढ़ाया कारपेट एरिया, अब 2100 वर्ग फीट तक के मकान पर मिलेगी ब्‍याज में छूट

 Written By: Manish Mishra
 Published : Jun 13, 2018 01:42 pm IST,  Updated : Jun 13, 2018 01:42 pm IST

अगर आपकी सालाना आय 18 लाख रुपए तक है और आप 2100 वर्ग फीट तक का तीन या चार कमरों वाला मकान खरीदते हैं तो आपको ब्‍याज में 2.3 लाख रुपए तक की छूट का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ब्‍याज का लाभ उठाने की पात्रता के लिए कारपेट एरिया में बढ़ोतरी की घोषणा की।

PMAY- India TV Hindi
PMAY

नई दिल्‍ली। अगर आपकी सालाना आय 18 लाख रुपए तक है और आप 2100 वर्ग फीट तक का तीन या चार कमरों वाला मकान खरीदते हैं तो आपको ब्‍याज में 2.3 लाख रुपए तक की छूट का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ब्‍याज का लाभ उठाने की पात्रता के लिए कारपेट एरिया में बढ़ोतरी की घोषणा की। इसे मिडल इनकम ग्रुप (एमआईजी) के लिए 33% बढ़ा दिया गया है।

अगर हम दिल्‍ली और मुंबई की बात करें तो संभव है कि बहुत लोग इसका लाभ न उठा सकें लेकिन एनसीआर सहित तीसरे और चौथे दर्जे के शहरों में रहने वाले लोग इसका फायदा उठा सकते हैं। इसकी वजह है कि छोटे शहरों में मकान की कीमत काफी कम होती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ब्‍याज में मिलने वाली सब्सिडी पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए तीन श्रेणियों में उपलब्‍ध है। सरकार ने लाभार्थियों के लिए दिसंबर 2016 में ब्‍याज सब्सिडी पाने के लिए एमआईजी में दो सब-कैटेगरी जोड़ी थी। जिन परिवारों की सालाना आय 6 लाख रुपए से 12 लाख रुपए है उन्‍हें एमआईजी-1 की श्रेणी में रखा गया वहीं जिनकी आय 12 लाख रुपए से 18 लाख रुपए है उन्‍हें एमआईजी-2 की श्रेणी में रखा गया है।

एमआईजी घर के खरीदारों को सरकार 9 लाख रुपए के लिए ब्‍याज में 4% की सब्सिडी देती है और एमआईजी-2 घर खरीदारों को 12 लाख रुपए के लिए 3% सब्सिडी देती है। अभी तक एमआईजी-1 के लिए कारपेट एरिया 120 वर्ग मीटर और एमआईजी-2 के लिए 150 वर्ग मीटर था, जिस पर ब्‍याज में सब्सिडी मिलती थी। अब इसे बढ़ाकर क्रमश: 160 वर्ग मीटर (1722 वर्ग फीट) और 200 वर्ग मीटर (2,153 वर्ग फीट) कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा