1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. होम लोन लेने से पहले जान लें यह फॉर्मूला! आपकी सैलरी का कितना हिस्सा EMI में जाना चाहिए?

होम लोन लेने से पहले जान लें यह फॉर्मूला! आपकी सैलरी का कितना हिस्सा EMI में जाना चाहिए?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 13, 2026 05:37 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 05:37 pm IST

होम लोन लेने से पहले यह समझना जरूरी है कि उसकी EMI आपकी मासिक आय पर कितना असर डालेगी। फाइनेंशियल एक्सपर्ट का मानना है कि सही प्लानिंग के बिना लिया गया बड़ा होम लोन भविष्य में आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है।

होम लोन ईएमआई- India TV Hindi
होम लोन ईएमआई Image Source : CANVA

घर खरीदना हर व्यक्ति का सपना होता है, लेकिन इस सपने को पूरा करने के लिए ज्यादातर लोग होम लोन का सहारा लेते हैं। कई बार बैंक ग्राहक की आय के आधार पर बड़ा लोन ऑफर कर देता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या उतना बड़ा लोन लेना आपके लिए सही होगा? फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि घर खरीदने से पहले यह तय करना ज्यादा जरूरी है कि आप हर महीने कितनी EMI आराम से चुका सकते हैं। गलत फैसला आपकी आर्थिक स्थिति पर लंबे समय तक दबाव डाल सकता है।

होम लोन एक लंबी अवधि की जिम्मेदारी

होम लोन आमतौर पर 15 से 20 साल या उससे भी ज्यादा समय के लिए लिया जाता है। इसका मतलब है कि कई वर्षों तक हर महीने आपकी सैलरी का एक हिस्सा EMI के रूप में कटता रहेगा। इसलिए सिर्फ बैंक की पात्रता के आधार पर लोन लेने के बजाय अपनी वास्तविक जरूरत और भुगतान क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी है।

कितना होना चाहिए EMI का बोझ?

फाइनेंशियल एडवाइजर अंकुर वारिकू के अनुसार, होम लोन की EMI आपकी मासिक आय के 30 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। उदाहरण के लिए, यदि आपकी मासिक सैलरी 1 लाख रुपये है तो आपकी EMI लगभग 30,000 रुपये तक ही रहनी चाहिए। इससे आपके अन्य जरूरी खर्च प्रभावित नहीं होंगे और फाइनेंशियल बैलेंस बैलेंस बना रहेगा।

इन खर्चों को कभी नजरअंदाज न करें

घर की EMI के अलावा परिवार के कई ऐसे खर्च होते हैं जिन्हें टाला नहीं जा सकता। इनमें बच्चों की स्कूल फीस, स्वास्थ्य बीमा, मेडिकल खर्च, वाहन की EMI, रोजमर्रा का घरेलू खर्च, निवेश और बचत शामिल हैं। यदि आपकी आय का बड़ा हिस्सा केवल होम लोन की किस्त में चला जाएगा, तो इन जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो सकता है।

बड़ा घर या बच्चों की पढ़ाई?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि बच्चों की शिक्षा भविष्य का सबसे महत्वपूर्ण निवेश है। आज उच्च शिक्षा का खर्च तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सिर्फ बड़ा घर खरीदने के लिए अपनी वित्तीय क्षमता से ज्यादा लोन लेना समझदारी नहीं माना जाता। जरूरत पड़ने पर छोटा घर चुना जा सकता है, लेकिन बच्चों की शिक्षा और परिवार की सुरक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए।

होम लोन लेने से पहले अपनाएं यह फॉर्मूला

होम लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपनी कुल आय, मासिक खर्च, बचत और भविष्य की वित्तीय जरूरतों का आकलन करें। यदि EMI आपकी आय के 30% के आसपास रहती है, तो आप आर्थिक रूप से ज्यादा सुरक्षित रहेंगे। याद रखें, बैंक कितना लोन दे सकता है, यह महत्वपूर्ण नहीं है; महत्वपूर्ण यह है कि आप कितनी EMI बिना तनाव के चुका सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा