1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में 5 बड़े नगर निकायों के चुनाव को लेकर हुई घोषणा, इस तारीख को होगा मतदान

पंजाब में 5 बड़े नगर निकायों के चुनाव को लेकर हुई घोषणा, इस तारीख को होगा मतदान

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Oct 13, 2023 12:16 pm IST,  Updated : Oct 13, 2023 12:16 pm IST

पंजाब सरकार की ओर से एक आधिकारिक अधिसूचना में ये घोषणा की गई है कि राज्य के 5 बड़े नगर निकायों में नवंबर में चुनाव होंगे। ये पांच नगर निगम अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला और फगवाड़ा हैं। हालांकि अंतिम तारीख चुनाव आयोग के फैसले के बाद ही तय हो पाएगी।

voting- India TV Hindi
पंजाब में नवंबर में होंगे 5 नगर निकाय के चुनाव Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

पंजाब में पांच बड़े नगर निकायों के चुनाव नवंबर के पहले पखवाड़े में होंगे। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। ये पांच नगर निगम अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला और फगवाड़ा हैं। इस अधिसूचना में कहा गया, "पंजाब नगर निगम अधिनियम, 1976 की धारा 7-ए के तहत प्रदत्त शक्तियों के आधार पर पंजाब के राज्यपाल यह निर्देश देते हैं कि इस अधिसूचना में उल्लिखित नगर निगमों के सदस्यों को चुनने के लिए आम चुनाव का आयोजन नवंबर, 2023 के पहले पखवाड़े में होगा।" ये नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अब राज्य चुनाव आयुक्त की ओर से चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जालंधर में एक साल पहले खत्म हो चुका कार्यकाल

बता दें कि पंजाब में 39 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव भी एक से 15 नवंबर के बीच होने हैं। इसके लिए अधिसूचना अगस्त में ही जारी की गई थी। माना जा रहा है कि 12 नवंबर को दीपावली का त्योहार है। लिहाजा ये चुनाव नवंबर के पहले सप्ताह में हो सकते हैं। बताते चलें कि फगवाड़ा में चुनाव पहली बार होने जा रहे हैं, जबकि बाकी चारों में निगम हाउस का कार्यकाल पहले ही खत्म हो चुका है। हैरानी की बात तो ये है कि जालंधर में तो एक साल नगर निकाय का कार्यकाल खत्म है। फिलहाल वहां की शक्तियां निगम कमिश्नर के पास हैं।

चुनाव आयोग के अंतिम फैसले के बाद तय होगी तारीख
बता दें कि अमृतसर, जालंधर, लुधियाना व पटियाला नगर निगम में जनवरी 2023 से ये चुनाव लंबित हैं। राज्य सरकार ने इन निगमों में वॉर्डबंदी आदि का काम पूरा कर लिया है। गौरतलब है कि दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच 34 नगर परिषदों और नगर पंचायतों का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग के अंतिम फैसले के बाद नगर निगम चुनाव की तारीख तय की जाएगी और उसी के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें-

बंगाल BJP में क्यों मच गई अंतर्कलह? पार्टी मुख्यालय के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

"कांग्रेस की कन्फ्यूज़ करो वोट लो की नीति," सीएम शिवराज सिंह ने बोला बड़ा हमला 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।