1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. किसान आंदोलन के एक साल पूरे होने पर आज खनौरी में महापंचायत, प्रदर्शन की रणनीति को लेकर होगी चर्चा

किसान आंदोलन के एक साल पूरे होने पर आज खनौरी में महापंचायत, प्रदर्शन की रणनीति को लेकर होगी चर्चा

 Published : Feb 12, 2025 07:37 am IST,  Updated : Feb 12, 2025 07:44 am IST

खनौरी बॉर्डर पर आज किसान संगठन ‘किसान महापंचायत’ करेंगे। मीटिंग में किसान अपनी आगे की रणनीति पर फैसला लेंगे।

किसान आंदोलन- India TV Hindi
किसान आंदोलन Image Source : FILE-PTI

चंडीगढ़ः एमएसपी समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर खनौरी और शंभू बॉर्डर पर धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों के आंदोलन के आज एक साल पूरे हो गए हैं। हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों के आंदोलन के 365 दिन पूरे हो गए। एसकेएम (गैर-राजनीतिक) के किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल 76 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। किसान आंदोलन के एक साल पूरे होने पर आज खनौरी में किसान संगठन महापंचायत करेंगे। 

जीटी रोड पर ट्रैफिक यातायात है प्रभावित

किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने पिछले साल फरवरी में दिल्ली चलो की तर्ज पर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी। हालांकि, हरियाणा सरकार द्वारा अपनी सीमाओं को मजबूत करने के साथ, किसान कार्यकर्ता पंजाब-हरियाणा सीमाओं से आगे नहीं बढ़ सके। शंभू सीमा पर नाकेबंदी का मतलब है कि शंभू के महत्वपूर्ण ग्रैंड ट्रंक (जीटी) रोड पर यातायात नहीं चल पा रहा है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने की ये घोषणा

वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 12 फरवरी को एकता वार्ता के लिए एसकेएम द्वारा बुलाई गई बैठक में भाग नहीं लेगा। इसने कहा कि उसका नेतृत्व खनौरी प्रदर्शन स्थल पर ‘किसान महापंचायत’ के अपने कार्यक्रम में व्यस्त रहेगा। एसकेएम (गैर-राजनीतिक) और केएमएम फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। एसकेएम ने केंद्र के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने के लिए 12 फरवरी को चंडीगढ़ में दोनों संगठनों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। 

अभिमन्यु कोहाड़ ने किसान पंचायत की थी घोषणा

मंगलवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में एसकेएम (गैर-राजनीतिक) के नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि 22 जनवरी को उन्होंने खनौरी और शंभू सीमा बिंदुओं पर जारी प्रदर्शन के एक साल पूरा होने के अवसर पर 12 फरवरी को खनौरी बॉर्डर और 13 फरवरी को शंभू बॉर्डर पर ‘किसान महापंचायत’ के अपने कार्यक्रमों की घोषणा की थी।  

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।