पंजाब के जालंधर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां थाना भोगपुर के नजदीकी गांव डल्ला में 6 महीने की बच्ची की हत्या कर दी गई। मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने नाना-नानी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नानी दिलजीत कौर, नाना तरसेम सिंह के रूप में हुई है।
ढाबे के पीछे फेंका शव
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पठानकोट के रहने वाले सलिन्द्र कुमार ने शिकायत दी थी कि उसकी 6 माह की बच्ची घर से गायब है। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर भोगपुर थाने मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची का नाना-नानी ने कत्ल करके टोल प्लाजा के पास स्टार ढाबे की पिछली जगह पर बच्ची को फेंक दिया था। पुलिस ने बच्ची के शव को बरामद कर लिया है।
अपने चौथे बॉयफ्रेंड के साथ भागी मां
इस मामले में दोनों नाना-नानी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। कई शादियां कर चुकी मनिंदर कौर मासूम बच्ची को नाना-नानी के यहां छोड़कर अपने चौथे बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई।
चुप नहीं हो रही थी बच्ची, नाना-नानी ने मार डाला
6 महीने की पोती को नाना-नानी तरसेम और दिलजीत ने महज इसलिए मार डाला, क्योंकि वह मां की ममता के लिए रो रही थी। वह चुप नहीं हो रही थी। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
ढ़ाई साल पहले हुई थी शादी
सलिन्द्र कुमार की शादी मनिंदर कौर पुत्री तरसेम सिंह वासी डल्ला से ढ़ाई साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसके घर एक लड़की अलीजा पैदा हुई थी, जिसकी उम्र 6 महीने है। 15 दिन पहले सुलिन्द्र कुमार अपनी पत्नी और बेटी अलीजा को खुद अपने ससुराल छोड़ कर गया था। कुछ दिन बाद जब वह दोबारा ससुराल आया तो उसकी पत्नी और उसकी बेटी अपने ससुराल में थी। 7 अगस्त को सुबह सलिन्द्र अपनी ड्यूटी पर चला गया तो 8 अगस्त शाम को स्वयं सलिन्दर कुमार ने अपनी पत्नी मनिंदर कौर को फोन किया और पूरे परिवार का हालचाल पूछा पर पत्नी ने बेटी अलीजा के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
लड़की के माता-पिता को पता चल गई थी ये बात
पुलिस ने कहा कि लड़की के माता-पिता को पता चल गया था कि मनिंदर के किसी ओर लड़के के साथ संबंध बन गए है। इसके बाद वह परेशान हो गए। दरअसल, नाना-नानी बेटी की पहली बच्ची को भी पाल-पोस रहे है, लेकिन अब एक ओर बच्ची की देखभाल करने से वह परेशान हो गए।
रक्षाबंधन में बच्ची को मायके छोड़ गई थी महिला
महिला कुछ दिन पहले प्रेमी को घर में लेकर भी आई थी, जिसका पता मां-बाप को पता चल गया था। अब तक की पूछताछ और जांच में सामने आया है कि 6 माह बेटी अलीजा को रक्षाबंधन के दिन मां मनिंदर कौर ने अपने मायके डल्ला में छोड़ दिया और ब्वॉयफ्रेंड संग फरार हो गई। वह उससे शादी करना चाह रही है।
बच्ची के शव का कराया गया पोस्टमार्टम
पुलिस ने मां मनिंदर कौर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में आगे भी और खुलासे की संभावना है। वहीं, बच्ची के शव पोस्टमॉर्टम करवाया गया है।
परमजीत सिंह रंगपुरी की रिपोर्ट