1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. कबड्डी खिलाड़ी को गोलियों से भूना, फिर घर के बाहर चिल्लाते रहे- तुहाडा मुंडा मार दित्ता, लाश खेतां च पई

कबड्डी खिलाड़ी को गोलियों से भूना, फिर घर के बाहर चिल्लाते रहे- तुहाडा मुंडा मार दित्ता, लाश खेतां च पई

 Published : Jan 05, 2026 07:34 pm IST,  Updated : Jan 05, 2026 07:34 pm IST

मृतक गगनदीप सिंह, जो खुद एक खिलाड़ी था और गांव के ही एक अन्य कबड्डी खिलाड़ी की मदद करता था, को दाना मंडी के पास हथियारों से लैस होकर आए 8–10 हमलावरों के एक ग्रुप ने घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

kabaddi player gagandeep singh- India TV Hindi
मृतक गगनदीप सिंह Image Source : REPORTER INPUT

पंजाब के लुधियाना में जगराओं के पास स्थित गांव मानूके में आज उस समय सनसनी फैल गई जब 3 बच्चों के पिता, कबड्डी खिलाड़ी और पेशे से एक बाउंसर 36 वर्षीय गगनदीप सिंह की दिनदहाड़े गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। गोली मारने वाला मृतक का दोस्त भी था। गगनदीप को गोली मारने के बाद हमलावर उसके घर के बाहर ऊंची आवाज में चिल्लाते रहे कि ‘तुम्हारे बेटे को चाकू मार दिया है और वह खेतों में पड़ा है जाकर ले आओ।' जब परिजन खेत में पहुंचे तो गगनदीप लहूलुहान हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार मृतक गगनदीप सिंह, जो खुद एक खिलाड़ी था और गांव के ही एक अन्य कबड्डी खिलाड़ी की मदद करता था, को दाना मंडी के पास हथियारों से लैस होकर आए 8–10 हमलावरों के एक ग्रुप ने घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले के दौरान मृतक के साथ मौजूद उसके भांजे जसकरण सिंह ने एक मोटर के पीछे छिपकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई, जबकि गगनदीप गोलियां लगने के कारण खेतों में ही गिर पड़ा। खून से लथपथ हालत में उसे परिवार और गांववासियों द्वारा जगराओं के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोस्ती निभाने के चलते गई जान?

रिश्तेदार जसकरण सिंह के अनुसार, गगनदीप को अपने एक दोस्त की दोस्ती निभाने के कारण ही निशाना बनाया गया, क्योंकि बीती रात भी उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।

रविवार रात बूटा सिंह का एकम सिंह (जो गगनदीप का दोस्त था और उसके साथ कबड्डी खेलता था) से झगड़ा हो गया था। जिसे बूटा सिंह और उसके साथियों ने बुरी तरह पीटा। जब गगनदीप ने अपने दोस्त बूटा सिंह से इस बात का विरोध किया तो वह उससे भी बहस करने लगा और एकम का साथ देने से गुस्सा होकर उसे भी देख लेने की धमकी दी।

मिलने के बहाने बुलाया और कर दी फायरिंग

गगनदीप के रिश्तेदार जसकरण सिंह ने बताया कि बूटा सिंह और गगनदीप के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से मिलने के बहाने गांव की अनाज मंडी में समय तय कर लिया। उसके बाद आज दोपहर जब जसकरण सिंह वहां पहुंचा तो दूसरी तरफ से बूटा सिंह अपने साथ मोटरसाइकिल और होंडा सिटी कार में 8-9 आदमी लेकर आया और आते ही उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गगनदीप सिंह मौके पर ही गिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना हथूर की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और प्रारंभिक जांच के बाद परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

परिवार से मिलने पहुंचीं MLA सरबजीत कौर

गगनदीप सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद इसी क्षेत्र की विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूके भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने परिवार के साथ दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस घटना को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द पकड़कर सलाखों के पीछे डाला जाए, ताकि इस तरह का दुख किसी और मां को न सहना पड़े।

पुलिस ने क्या कहा?

वहीं, डीआईजी सतिंदर सिंह का कहना है कि वह इस मामले की गहनता से हर एक पहलू की जांच कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक यह हत्या आपसी लड़ाई झगड़े और रंजिश के चलते की गई है।

(रिपोर्ट- तुषार भारती)

यह भी पढ़ें-

AAP सरपंच की हत्या के बाद CM सख्त, भगवंत मान ने DGP से फोन पर की बात

गर्लफ्रेंड पर कमेंट से बौखलाया युवक, साथियों के साथ मिलकर दोस्त की कर दी हत्या, 6 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।