1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'हमेशा कांग्रेस के साथ रहूंगी, पार्टी को बर्बाद...', नवजोत कौर सिद्धू ने फिर दिया बड़ा बयान

'हमेशा कांग्रेस के साथ रहूंगी, पार्टी को बर्बाद...', नवजोत कौर सिद्धू ने फिर दिया बड़ा बयान

 Published : Dec 10, 2025 05:47 pm IST,  Updated : Dec 10, 2025 05:47 pm IST

नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि वह और उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा कांग्रेस के साथ रहेंगे, हालांकि उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर तीखा हमला करते हुए पार्टी को बर्बाद करने का आरोप लगाया है।

Navjot Kaur Sidhu, Navjot Singh Sidhu, Navjot Kaur Sidhu Congress Party- India TV Hindi
नवजोत कौर सिद्धू। Image Source : PTI

चंडीगढ़: 'मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये' वाले बयान के चलते कांग्रेस से निलंबित की गईं नवजोत कौर सिद्धू ने साफ कहा है कि वह और उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू हमेशा कांग्रेस पार्टी के साथ रहेंगे। हालांकि उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर तीखा हमला किया है। नवजोत ने वडिंग पर पार्टी को बर्बाद करने का आरोप लगाया। बता दें कि नवजोत को हाल ही में कहा था कि 'मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये' लगते हैं। उनके इस बयान से राजनीतिक हंगामा मच गया था।

'70 कुशल, ईमानदार और वफादार नेता संपर्क में'

नवजोत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'हम कांग्रेस के साथ हैं और हमेशा रहेंगे, और हम अपने पंजाब राज्य को जीतेंगे और इसे अपने विनम्र, प्रिय और त्याग के प्रतीक गांधी परिवार को उपहार स्वरूप देंगे।' उन्होंने वडिंग पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 'कुशल, ईमानदार और वफादार' नेता उनके संपर्क में हैं। नवजोत ने कहा कि ये नेता कांग्रेस टिकट के लिए योग्य विजयी उम्मीदवार हैं, लेकिन वडिंग ने उन्हें पार्टी से अलग कर दिया है। उन्होंने आगे कहा, 'आप पंजाब की 70 प्रतिशत सीटों को बर्बाद करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जहां आपने पहले ही अप्रभावी लोगों को फर्जी टिकट दे दिए हैं, इसके बावजूद कांग्रेस पंजाब में जीत हासिल करेगी।'

'राजा वडिंग, अपने उन कुत्तों का इस्तेमाल मत करो'

नवजोत ने वडिंग पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, 'टिकट बेचने के आरोप में आपको गुजरात से निकाल दिया गया था और आपने वहां महंगी गाड़ियां, जमीनें और मेट्रो खरीदीं। क्या आप IT की व्याख्या सुनने के लिए तैयार हैं? राजा वडिंग, अपने उन कुत्तों का इस्तेमाल मत करो जिन्हें आपकी वजह से टिकट मिले हैं। आप लगातार कांग्रेस पार्टी के खिलाफ काम क्यों कर रहे हैं और उम्मीदवारों को हराकर उन्हें अन्य पार्टियों में शामिल होने के लिए मजबूर क्यों कर रहे हैं?' बता दें कि इससे पहले मंगलवार को कौर ने दावा किया था कि उन्हें कांग्रेस की पंजाब इकाई के 70 प्रतिशत और AICC के 90 प्रतिशत लोगों का समर्थन प्राप्त है।

'पार्टी आलाकमान के साथ उचित चर्चा की जा रही'

नवजोत ने अपने निलंबन पर बात करते हुए पटियाला में कहा था कि नोटिस एक ऐसे व्यक्ति की ओर से आया है, जिनके पास कोई मान्यता नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई नोटिस जारी किए जाते रहे हैं। कौर ने बताया कि वह पार्टी आलाकमान के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, 'पार्टी (आलाकमान) के साथ उचित चर्चा की जा रही है। लेकिन हमारी एक शर्त है कि हम ‘चोरों’ का समर्थन नहीं करेंगे।' कौर ने किसी का नाम लिए बिना कहा, 'अगर आप सरकार बनाना चाहते हैं, तो कांग्रेस में 4-5 लोग हैं जो पार्टी को बर्बाद कर रहे हैं। यदि आप उन्हें दरकिनार करने को तैयार हैं, तो हम इस पर विचार करेंगे।' जब उनसे पूछा गया कि क्या निलंबन के बाद भी उन्हें कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है, तो उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा समर्थन प्राप्त है।' (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।