1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: अमृतसर धमाके की चपेट में आए शख्स की हुई मौत, आतंकी संगठन से निकले संबंध, विस्फोटक पकड़ते समय हुई घटना

पंजाब: अमृतसर धमाके की चपेट में आए शख्स की हुई मौत, आतंकी संगठन से निकले संबंध, विस्फोटक पकड़ते समय हुई घटना

 Reported By: Puneet Pareenja Written By: Rituraj Tripathi
 Published : May 27, 2025 11:04 am IST,  Updated : May 27, 2025 12:24 pm IST

पंजाब के अमृतसर में भीषण धमाका हुआ है, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है। शख्स के संबंध आतंकी संगठन से निकले हैं। अमृतसर के DIG सतिंदर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है।

Punjab- India TV Hindi
पंजाब के अमृतसर में भीषण धमाके की खबर Image Source : INDIA TV

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में धमाका हुआ है। इस धमाके में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। ये धमाका इतनी तेज था कि शख्स का आधा हाथ पूरी तरह उड़ गया था और पैर बुरी तरह जख्मी हुआ था।  घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृत व्यक्ति आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था। अमृतसर के DIG सतिंदर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है।

क्या है पूरा मामला?

मजीठा रोड बाईपास के ऊपर आज सुबह तकरीबन 9 बजे से 9:15 बजे के बीच एक ब्लास्ट हुआ। घायल आदमी की हालत बहुत गंभीर थी, जिसकी बाद में मौत हो गई। यह नहीं पता चल पा रहा है कि यह आदमी इसको लेकर कहां जा रहा था। 

स्थानीय लोगों का क्या कहना है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृतसर के मजीठा बायपास रोड पर सुबह एक बमनुमा वस्तु से धमाका होने का समाचार मिला, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के मुताबिक यह धमाका इतना खतरनाक था कि आस-पास का इलाका दहल गया। 

इस संबंध में आसपास के लोगों ने बताया कि उन्हें एक धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर आकर देखा तो पता चला कि कोई बमनुमा वस्तु का धमाका हुआ है और एक व्यक्ति गंभीर घायल हुआ है। पुलिस उसे अस्पताल ले गई है। जहां उसकी मौत हो गई।

अमृतसर के DIG सतिंदर सिंह का आया बयान

अमृतसर के DIG सतिंदर सिंह ने कहा, 'जो आदमी सुबह जख्मी हुआ है, उसकी मौत हो गई है। ब्लास्ट से संबंधित जितने भी पुराने मामले थे, उनकी जांच में सामने आया है जो कोई ब्लास्ट वाली चीज होती थी या कोई ग्रेनेड होता था, इस जगह पर रखकर उसकी तस्वीर भेज देते थे और दूसरे मेंबर को  मैसेज देते थे कि यहां से उसको कलेक्ट करना है। एक वहां पर एक खंबा है, उसे निशानी के रूप में इस्तेमाल करते थे।'

सिंह ने कहा, 'मृतक का आतंकी संगठन के साथ संबंध था और वह विस्फोटक को लेने आया था। इसी दौरान ब्लास्ट हो गया। जब ये विस्फोटक इसके हाथ में था, तब ब्लास्ट हुआ। इस व्यक्ति की पहचान और वह किस संगठन जुड़ा हुआ था, इसकी अभी जांच चल रही है।'

सिंह ने कहा, 'हमारी एफएसएल टीम मौके पर है। क्या यह आईईडी है या ग्रेनेड है, इसका बाद में पता लगेगा। अब तक की जांच में सामने आया कि यह व्यक्ति किसी आतंकी संगठन से संबंधित है। विस्फोटक का कहां इस्तेमाल करना था, क्या मकसद था, इसकी जांच अभी चल रही है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।