1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. मरे हुए लोगों को भी मिल गई पेंशन! पंजाब सरकार ने 170 करोड़ रुपये वसूले

मरे हुए लोगों को भी मिल गई पेंशन! पंजाब सरकार ने 170 करोड़ रुपये वसूले

 Published : Mar 03, 2026 05:33 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 05:33 pm IST

पंजाब में कई लोग ऐसे मिले हैं, जो मर चुके हैं। लेकिन उनके खाते में पेंशन की राशि गई है। सरकार ने ऐसे नामों की पहचान कर ली है और अब उनके खाते से पैसे वसूल कर लिए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

चंडीगढ़: पंजाब में कई ऐसे पेंशनर्स का पता चला है जिनकी मौत हो चुकी है, लेकिन उनके खाते में पेंशन की राशि चली गई। अब सरकार ने इन सभी मृतकों के खातों से पेंशन की वसूली कर ली है। पंजाब की सामाजिक सुरक्षा मंत्री बलजीत कौर ने मंगलवार को बताया कि उनके विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत मृत लाभार्थियों के खातों में जमा किए गए 170 करोड़ रुपये वसूल किए हैं। 

बुजुर्ग लाभार्थियों को कितनी पेंशन मिलती है?

उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 23.62 लाख से अधिक पात्र बुजुर्ग लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से हर महीने 1,500 रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके विभाग ने इस योजना के तहत मृत लाभार्थियों के खाते बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा, ''हमने मृत लाभार्थियों के खातों में जमा किए गए 170 करोड़ रुपये वसूल किए हैं।'' 

2025-26 के दौरान 3806 करोड़ रुपये जारी

मंत्री ने बताया कि योजना की नियमित निगरानी की जा रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण और अल्पसंख्यक विभागों द्वारा पिछले 4 साल में किए गए कार्यों का विवरण साझा करते हुए मंत्री ने कहा कि 2025-26 के दौरान वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 3,806 करोड़ रुपये जारी किए गए। उन्होंने बताया कि तापा और मानसा में 17.33 करोड़ रुपये की लागत से दो वृद्धाश्रम स्थापित किए गए हैं।

महिलाओं को मुफ्त बस सेवा, 2042 करोड़ रुपये खर्च

उन्होंने बताया कि उनके विभाग ने राज्य में बुजुर्गों के लिए आश्रम चला रहे सामाजिक संगठनों को 11.43 करोड़ रुपये का अनुदान भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को मुफ्त बस सेवा प्रदान कर रही है और इस संबंध में 2,042 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, तीन जिलों में कामकाजी महिलाओं के लिए पांच छात्रावास स्थापित किए जा रहे हैं। मोहाली में तीन छात्रावास स्थापित होंगे जबकि अमृतसर और जालंधर में एक-एक छात्रावास होगा। 

यह भी पढ़ें-

पेंशन लेने गए बुजुर्ग की बैंक में ही थम गई सांसें, मौत का CCTV फुटेज आया सामने

8th Pay Commission के नाम पर ठगी, सरकारी कर्मचारियों-पेंशनर्स के बैंक खातों को निशाना बना रहे जालसाज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।