1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के दौसा में बड़ा सड़क हादसा, 7 बच्चों समेत 12 की मौत; खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

राजस्थान के दौसा में बड़ा सड़क हादसा, 7 बच्चों समेत 12 की मौत; खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

 Reported By: Manish Bhattacharya, Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 13, 2025 06:42 am IST,  Updated : Aug 13, 2025 11:13 am IST

हादसा राजस्थान के सालासार बालाजी मंदिर से लौटते वक्त एक पिक अप वैन की कंटेनर से टक्कर होने की वजह से हुआ। इस दुर्घटना में बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हुई है। हादसे में 12 लोग घायल भी हुए हैं।

दौसा सड़क हादसा- India TV Hindi
दौसा सड़क हादसा Image Source : PTI

राजस्थान के दौसा से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां एक सड़क हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 8 लोग घायल हुए हैं। हादसा राजस्थान के सालासर बालाजी मंदिर से लौटते वक्त एक पिक अप वैन की कंटेनर से टक्कर होने की वजह से हुआ। पिक अप वैन में 20 से ज्यादा श्रद्धालु बैठे थे। ये सभी यूपी के एटा जिले के असरौला के बताए जा रहे हैं।  

मृतकों में 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल

सभी श्रद्धालु खाटू श्याम जी और सालासर बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। हादसा वापी थाना क्षेत्र में रात साढ़े 3 से 4 बजे के बीच हुआ। कंटेनर से टक्कर होने की वजह से 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सात बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्घटना में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

9 श्रद्धालुओं की हालत नाजुक

जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंटेनर ने पिक अप वैन को पीछे से टक्कर मारी है। पिकअप में 20 से ज्यादा श्रद्धालु थे। इनमें 12 की मौत हुई है। जबकि 8 गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वहीं, 2 को दौसा हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में एडमिट कराया गया है।

हादसे के बाद का वीडियो आया सामने-

CM भजनलाल शर्मा ने जताया शोक

प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है, "दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिन यात्रियों की दुर्घटना में मृत्यु हुई है वे खाटूश्याम जी और सालासर बालाजी के दर्शन करने के बाद यूपी की तरफ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि एक पैसेंजर ट्रक में ये सारे यात्री आ रहे थे और एक ट्रेलर से इनकी टक्कर हुई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।