झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक फीडर इंचार्ज के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। फीडर इंचार्ज का कहना है कि वह मीटर रीडिंग के काम से गणेशपुरा गांव में गया हुआ था। यहां के रहने वाले राजवीर का मीटर जल गया था। इस वजह से उसके मीटर का औसत बिल 2500 रुपये आ गया। इसी बात से नाराज राजवीर और उसके बेटे विकास ने फीडर इंचार्ज के साथ मारपीट की है। फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस से मामले की शिकायत की गई है। इसके अलावा बिजली विभाग के कर्मियों ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
2500 रुपये का आया था बिल
दरअसल, पूरा मामला झुंझुनूं जिले के खेतड़ी उपखंड के गणेशपुरा गांव का है। यहां रविवार को बिजली विभाग के रवां फीडर इंचार्ज बलबीर यादव के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार बलबीर यादव मीटर रीडिंग के कार्य पर गणेशपुरा गए थे। तभी गांव के राजवीर यादव और उसके बेटे विकास यादव ने उनके साथ झगड़ा कर मारपीट कर दी। बिजली कर्मचारी बलवीर ने बताया कि राजवीर यादव का मीटर जल जाने की वजह से उनका औसत बिल 2500 रुपए आया था। इसी वजह से नाराज होकर राजवीर और उसके बेटे विकास ने मारपीट कर दी।
बिजली विभाग के कर्मियों में रोष
इस पूरी घटना में फीडर इंचार्ज के मुंह, आंखों और कमर में चोटें आई हैं। मारपीट की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष फैल गया। कर्मचारियों ने खेतड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे कार्य बहिष्कार कर खेतड़ी थाने के बाहर धरना देंगे। बिजली कर्मचारियों ने कहा कि फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अन्यथा वे मजबूर होकर कार्य बंद आंदोलन करने को बाध्य होंगे। (इनपुट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-
सालासर जा रहे श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचला, 3 की दर्दनाक मौत; 2 की हालत गंभीर