1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के कई जिलों में ओले की मार, सफेद चादर से पटा इलाका; किसानों को नुकसान

राजस्थान के कई जिलों में ओले की मार, सफेद चादर से पटा इलाका; किसानों को नुकसान

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 01, 2025 10:51 am IST,  Updated : Mar 01, 2025 11:04 am IST

राजस्थान के चुरू और झुंझुनूं जिलों में ओले पड़ रहे हैं। वहीं ओले पड़ने की वजह से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है।

ओलों से पटा इलाका।- India TV Hindi
ओलों से पटा इलाका। Image Source : INDIA TV

राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। यहां बारिश के साथ ओले पड़ने की वजह से आम जनजीवन बेहाल हो गया है। राजस्थान में इन दिनों जमकर ओले पड़ रहे हैं। वहीं मौसम विभाग का मानना है कि अभी भी यहां के लोगों को ओलों से राहत नहीं मिलने वाली है। राजस्थान के कई जिलों में ओले गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बारिश को लेकर भी मौसम विभाग ने सचेत किया है। ओले पड़ने की वजह से किसानों को भी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है, इससे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।

ओले से फसलों को हुआ नुकसान

दरअसल, राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हुई भारी ओलावृष्टि से पूरा इलाका सफेद चादर में तब्दील हो गया। चूरू और झुंझुनूं जिलों में अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। ओलावृष्टि के कारण सबसे अधिक नुकसान सरसों, चना और तारामीरा की फसलों को हुआ है। यह फसलें लगभग पककर तैयार थीं, लेकिन ओलों की मार ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में फैली सफेद ओलों की परत ने ग्रामीणों को चौंका दिया। बर्बाद फसलों को देखकर किसानों की आंखों में मायूसी साफ झलक रही है, और वे सरकार से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

कई जगहों पर बिजली बाधित

वहीं ओलावृष्टि के दौरान आए तेज आंधी-तूफान से कई इलाकों में बिजली के पोल और पेड़ उखड़ गए। इससे गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, और लोग पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर हुए। कई जगहों पर तार टूटने से बिजली बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे करवाकर राहत राशि जारी करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर 1 मार्च तक बना रहेगा, जिससे कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है। (इनपुट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें- 

अंबाला के डिप्टी मेयर राजेश मेहता BJP में शामिल, CM सैनी ने दिलाई सदस्यता

पटना में ट्रैक्टर ने शख्स को कुचला, मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने की आगजनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।