1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, जबरन खिलाई गर्भपात की गोलियां

गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या, जबरन खिलाई गर्भपात की गोलियां

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 16, 2026 12:32 pm IST,  Updated : May 16, 2026 12:44 pm IST

भीलवाड़ा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दंपति की बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या।- India TV Hindi
पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक महिला की बेटी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मामला बुधवार रात हमीरगढ़ थाने की बीएसएल कॉलोनी का बताया जा रहा है। आरोपी गोपी सिंह यादव ने अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी रोली देवी को कथित तौर पर बुरी तरह पीटा। महिला को गंभीर चोटें आईं जिसके कारण उसका गर्भपात हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। 

बेटी ने दिया बयान

दंपति की 14 वर्षीय बेटी ने पुलिस को घटना के बारे में बयान दिया। बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने सुबह से ही उसकी मां को पीटना शुरू कर दिया और पूरे दिन रुक-रुककर उसे पीटते रहे। उसने आरोप लगाया कि उसका पिता दिन में बाजार गया और गर्भपात की गोलियां लाया। उसने उसकी मां को ये गोलियां जबरदस्ती खिला दीं, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। 

मेडिकल बोर्ड ने बताया क्रूर मामला

वहीं पुलिस उपाधीक्षक (सदर) हरजीराम ने बताया कि दंपति की बेटी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि दंपति के बीच घरेलू विवाद के कारण यह घटना हुई होगी। पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड ने इस मामले को क्रूर बताया। 

शरीर पर चोट के एक दर्जन से अधिक निशान

मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. चेतन कुमार ने बताया कि महिला के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चोट के निशान मिले हैं। इनमें महिला के सिर, चेहरे, कमर और निजी अंगों पर चोट के निशान पाए गए। उन्होंने कहा, ''हालांकि महिला की कोई हड्डी नहीं टूटी थी लेकिन कई चोटें स्पष्ट रूप से लगातार हुई मारपीट के संकेत देती हैं। जबरदस्ती गर्भपात के भी संकेत मिले हैं।'' 

घटना की जांच में जुटी पुलिस

वहीं महात्मा गांधी अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि महिला को अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। हालांकि उसे बचाने की तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका। वहीं सूचना मिलने के बाद महिला के परिजन भी यूपी से भीलवाड़ा पहुंचे। बताया जा रहा है कि दंपति के चार बच्चे हैं और घटना के समय सभी घर पर ही थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें-

LPG को लेकर राहत भरी खबर, होर्मुज पार कर भारत आ रहे दो जहाज; आज पहुंचेगा 'सिमी'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।