झुंझुनूं के बसंत विहार क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित रवीन्द्र यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले आवारा युवकों की हरकतों को लेकर उनका विवाद हुआ था। मामले में पुलिस में शिकायत भी दी गई थी, हालांकि बाद में समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। रवीन्द्र का आरोप है कि समझौते के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। अब धमकी के 4-5 दिन बाद उनकी कार को आग लगा दी गई, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका और गहरा गई है।
हथियार लेकर आए थे बदमाश
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 11:15 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कार के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने पहले किसी हथियार से कार के शीशे तोड़े, फिर उस पर पेट्रोल या अन्य ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
देखें वीडियो-
गहरी नींद में सो रहा था परिवार, बदमाशों ने फूंक दी कार
घटना के समय रवीन्द्र यादव और उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। आग की लपटें देखकर पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर सूचना दी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जांच में जुटी हुई है।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-
राजस्थान: कोटा में सोते हुए महंत की चाकू से गोद गोदकर हत्या, फरार हत्यारों की तलाश जारी