राजस्थान के झुंझुनूं जिले में महिंद्रा बायकॉट को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार देर रात एक और भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। बगड़ तिराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।
चकनाचूर हुई कार, अंदर फंस गए लोग
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई और कई बार पलटने के बाद पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

जेसीबी से कार काटकर निकाले शव
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो की हालत इतनी खराब थी कि मृतकों और घायलों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाए गए।
एक मृतक की पहचान, बाकी की शिनाख्त जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक स्कॉर्पियो चालक की पहचान नवलगढ़ क्षेत्र के कोलसिया गांव निवासी राकेश के रूप में हुई है। दूसरे मृतक युवक और दोनों घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

फिर उठे एयरबैग पर सवाल, लोगों ने लगाया गंभीर आरोप
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि इतने भीषण एक्सीडेंट के बावजूद स्कॉर्पियो का एक भी एयरबैग नहीं खुला। हालांकि यह दावा फिलहाल जांच का विषय है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
महिंद्रा बायकॉट के बीच फिर गरमाया मामला
गौरतलब है कि झुंझुनूं में पिछले सात दिनों से महिंद्रा एजेंसी के बाहर धरना-प्रदर्शन जारी है। हाल ही में 20 जुलाई को स्कॉर्पियो हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने भी एयरबैग नहीं खुलने का आरोप लगाया था। इसके विरोध में युवाओं ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन से लटकाकर प्रदर्शन किया था और स्कॉर्पियो की प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली थी।
अब बगड़ तिराहे पर हुए इस हादसे के बाद एयरबैग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। एयरबैग खुलने या नहीं खुलने के दावों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-
कानपुर में खड़े ट्रक में 100 की रफ्तार से घुसी स्कॉर्पियो, 2 मासूम समेत 3 की मौत