1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. गोल्ड लोन चुकाने के बाद मिला बड़ा झटका, असली सोने के झुमकों की जगह थमा दिए नकली

गोल्ड लोन चुकाने के बाद मिला बड़ा झटका, असली सोने के झुमकों की जगह थमा दिए नकली

 Published : Mar 13, 2026 11:35 pm IST,  Updated : Mar 13, 2026 11:35 pm IST

शख्स ने पिलानी स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की शाखा से 15 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसके बदले उसने अपनी पत्नी के करीब 3.5 ग्राम सोने के झुमके गिरवी रखे थे। लोन चुकाने के बाद झुमके लेकर वह घर पहुंचा लेकिन जांच की तो उसके होश उड़ गए।

gold earrings- India TV Hindi
झुमकों की जांच की तो नकली निकले। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र में गोल्ड लोन से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने गोल्ड लोन कंपनी पर उसकी पत्नी के असली सोने के झुमके बदलकर नकली देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस में परिवाद देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

15 हजार के लोन के बदले रखे थे झुमके

जानकारी के अनुसार हनुमन्तपुरा (खेड़ला का बास), पिलानी निवासी ओमप्रकाश पुत्र खेताराम ने 12 मार्च 2026 को पुलिस थाना पिलानी में परिवाद दिया। परिवाद में बताया कि उसने 22 अप्रैल 2024 को पिलानी स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की शाखा से 15 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसके बदले उसने अपनी पत्नी के करीब 3.5 ग्राम सोने के झुमके गिरवी रखे थे।

लोन चुकाने के बाद लौटाए झुमके

पीड़ित के अनुसार 10 मार्च 2026 को उसने पूरा लोन चुका दिया। इसके बाद कंपनी कर्मचारियों ने उससे कई फॉर्मों पर हस्ताक्षर करवाए और उसे देर शाम तक कार्यालय में बैठाए रखा। बाद में कर्मचारियों ने उसे झुमके वापस लौटा दिए।

घर पहुंचते ही खुला राज

ओमप्रकाश ने बताया कि जब वह घर पहुंचा और झुमकों की जांच की तो उसके होश उड़ गए। झुमकों का वजन करीब 4 ग्राम था, लेकिन जांच करने पर वे नकली निकले।

शिकायत करने पर कर्मचारियों ने भगाया

पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन वह अपनी पत्नी के साथ कंपनी कार्यालय पहुंचा और इस मामले की शिकायत की। लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने बदतमीजी की और धमकी देकर उन्हें कार्यालय से भगा दिया। ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि कंपनी कर्मचारियों ने मिलीभगत कर उसकी पत्नी के असली सोने के झुमके हड़प लिए और उनकी जगह नकली झुमके थमा दिए।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने पुलिस थाना पिलानी में परिवाद देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और असली सोने के झुमके वापस दिलाने की मांग की है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

देखें वीडियो-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।