1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में पुरानी इमारत ढहने से 2 की मौत, बारिश की वजह से कमजोर हो गई थी नींव

जयपुर में पुरानी इमारत ढहने से 2 की मौत, बारिश की वजह से कमजोर हो गई थी नींव

 Published : Sep 06, 2025 09:57 am IST,  Updated : Sep 06, 2025 10:38 am IST

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सुभाष चौक इलाके में एक पुरानी इमारत बारिश के कारण ढह गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हुए। इमारत की नींव नमी के कारण कमजोर हो गई थी। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

Jaipur building collapse 2025, Jaipur rain accident- India TV Hindi
जयपुर के सुभाष चौक इलाके में एक पुरानी इमारत ढह गई। Image Source : VIDEO SCREENGRAB

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सुभाष चौक इलाके में रामकुमार धवई की गली के पास बीती रात एक पुरानी रिहायशी इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग जख्मी हो गए। सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर अमित शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और नमी की वजह से इमारत की नींव कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

19 लोग थे इमारत में, 7 जख्मी

एडीसीपी नॉर्थ दुर्ग सिंह राजपुरोहित के मुताबिक, इस इमारत में करीब 19 किराएदार रहते थे। हादसे में 7 लोग जख्मी हुए, जिनमें से 2 की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस को रात 01:15 से 01:30 बजे के बीच इस हादसे की खबर मिली। खबर मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल, बचाव कार्य जोर-शोर से चल रहा है। पांच जख्मी लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन इमारत की हालत का जायजा ले रहा है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि हाल की भारी बारिश ने कितना नुकसान पहुंचाया।

बारिश में पुरानी इमारतों पर खतरा

बता दें कि लगातार बारिश ने जयपुर में कई इमारतों की हालत खराब कर दी है। शहर की कई इमारतें पुरानी है ऐसे में लोग चिंता में पड़ गए हैं। इस घटना के बाद पुरानी इमारतों की देखभाल और मरम्मत के लिए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस और प्रशासन इस मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही, बचाव टीमें बाकी लोगों की तलाश में जुटी हैं, जो अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। शहर में बारिश का सिलसिला जारी है, इसलिए पुरानी इमारतों में रह रहे लोगों द्वारा खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।