1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. हवामहल में चाय पियेंगे PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, आज जयपुर में और कहां-कहां जाएंगे? ऐसा है मिनट टू मिनट कार्यक्रम

हवामहल में चाय पियेंगे PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, आज जयपुर में और कहां-कहां जाएंगे? ऐसा है मिनट टू मिनट कार्यक्रम

 Published : Jan 25, 2024 06:50 am IST,  Updated : Jan 25, 2024 03:05 pm IST

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे को लेकर जयपुर में खासा उत्साह है, पूरे शहर को सजाया गया है। मैक्रों 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने जा रहे 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। वह इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले फ्रांस के छठे नेता होंगे।

pm modi emmanuel macron- India TV Hindi
पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों Image Source : FILE PHOTO

जयपुर: भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के मेहमान इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले आज मैक्रों जयपुर पहुंचे हैं। जयपुर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की न सिर्फ पीएम मोदी के साथ मुलाकात होगी बल्कि दोनों त्रिपोलिया से सांगानेरी गेट तक रोड शो भी करेंगे। दोनों नेताओं का ये रोड शो करीब डेढ़ किलोमीटर का होगा। इस दौरान पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति को भारत की संस्कृति की झलक दिखाएंगे।

गणतंत्र दिवस में शामिल होने वाले फ्रांस के छठे नेता हैं मैक्रों

दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच द्विपक्षीय बातचीत से महत्वाकांक्षी रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी जिसकी घोषणा पिछले साल जुलाई में मोदी की पेरिस यात्रा के दौरान की गई थी। मैक्रों 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने जा रहे 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। वह इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होने वाले फ्रांस के छठे नेता होंगे।

VVIP दौरे का मिनट टू मिनट शेड्यूल-

  1. फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों दोपहर 2:30 बजे विशेष विमान से पहुंचेंगे जयपुर एयरपोर्ट
  2. जयपुर एयरपोर्ट से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर 3:15 बजे पहुंचेंगे आमेर फोर्ट
  3. करीबन 2 घंटे आमेर फोर्ट रुकेंगे इमैनुएल मैक्रों, यहां फ्रांसीसी राष्ट्रपति के आगमन पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
  4. आमेर फोर्ट से शाम 5:15 बजे रवाना होंगे जंतर मंतर के लिए
  5. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 4:35 बजे पहुंचेंगे जयपुर एयरपोर्ट
  6. एयरपोर्ट से निकलकर करीब शाम 5 बजे पहुंचेंगे सिटी पैलेस
  7. शाम 5:20 बजे सिटी पैलेस से पहुंचेंगे जंतर मंतर
  8. शाम 5.30 बजे पीएम मोदी इमैनुएल मैक्रों का जंतर-मंतर में स्वागत करेंगे।
  9. यहां दोनों नेताओं के बीच 15 मिनट तक बातचीत होगी।
  10. इसके बाद यहां एक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
  11. करीब शाम 6:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पहुंचेंगे हवा महल
  12. हवा महल के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसिस राष्ट्रपति पियेंगे चाय
  13. हवा महल से शाम 6:35 बजे रवाना होकर करीब शाम 6:45 बजे पहुंचेंगे होटल रामबाग पैलेस
  14. हवा महल से अल्बर्ट हॉल के सामने से निकलते हुए जाएंगे होटल रामबाग पैलेस के लिए, होटल रामबाग पैलेस में करेंगे डिनर
  15. करीब रात 8:25 बजे रामबाग पैलेस से रवाना होकर रात 8:50 बजे पहुंचेंगे जयपुर एयरपोर्ट

राजस्थानी अंदाज में होगा स्वागत

जंतर मंतर में फ्रांस के राष्ट्रपति का स्वागत राजस्थानी अंदाज में होगा। इस दौरान राजस्थानी संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया है। जंतर मंतर से निकलने के बाद पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रों हवा महल जाएंगे जहां प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों सेल्फी लेंगे। इस दौरान दोनों नेता हवा महल के सामने चाय भी पियेंगे। साथ ही हैंडीक्राफ्ट की दुकान से खरीददारी भी कर सकते हैं। हवा महल से निकलने के बाद दोनों नेता होटल रामबाग पैलेस जाएंगे जहां मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टर के प्रोजेक्ट समेत कई अहम मुद्दे पर चर्चा होगी।

इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एयरपोर्ट से सीधे आमेर फोर्ट जाएंगे जहां वो दीवाने आम, शीश महल देखेंगे। इसके साथ ही वो शीश महल से केसर क्यारी की खूबसूरती का भी दीदार करेंगे। इमैनुएल मैक्रों के दौरे को लेकर जयपुर में खासा उत्साह है, पूरे शहर को सजाया गया है। बस अब इंतजार है राष्ट्र के मेहमान का।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।