1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. अब और भी कम समय में पहुंच सकेंगे जयपुर, पीएम मोदी रविवार को देंगे सौगात, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के दिल्ली-दौसा खंड का करेंगे उद्घाटन

अब और भी कम समय में पहुंच सकेंगे जयपुर, पीएम मोदी रविवार को देंगे सौगात, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के दिल्ली-दौसा खंड का करेंगे उद्घाटन

 Published : Feb 11, 2023 02:44 pm IST,  Updated : Feb 12, 2023 06:42 am IST

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 246 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इस खंड के चालू हो जाने से दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय पांच घंटे से कम होकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जाएगा।

Delhi-Mumbai Expressway- India TV Hindi
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे Image Source : TWITTER

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मीडिया में आई जानकारी के आनुसार, पीएम मोदी दौसा में 18,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान के अनुसार, "नए भारत में विकास, प्रगति और कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी को मद्देनजर रखते हुए प्रधानमंत्री का जोर है कि देश में उत्कृष्ट सड़क अधोसंरचना तैयार की जाए। इस दृष्टिकोण को वास्तविकता में बदलने के लिये देशभर में अनेक विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। ऐसी ही एक महत्त्वपूर्ण परियोजना है दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे, जिसके सबसे पहले पूरे हो जाने वाले दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड का लोकार्पण प्रधानमंत्री करेंगे।" 

246 किलोमीटर लंबा है खंड 

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 246 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इस खंड के चालू हो जाने से दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय पांच घंटे से कम होकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जाएगा। बयान के अनुसार इस खंड के खुलने से पूरे क्षेत्र में आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा। अपने कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री 247 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे, जिन्हें 5,940 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाना है।

एक्सप्रेस वे कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है

 उल्लेखनीय है कि दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-होगा, जिसकी कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है। इसके बन जाने से दिल्ली और मुम्बई के बीच की यात्रा दूरी में 12 प्रतिशत की कमी आएगी और सड़क की लंबाई 1,424 किलोमीटर से कम होकर 1,242 किलोमीटर रह जाएगी। यात्रा के समय में भी 50 प्रतिशत की कमी आयेगी। पहले जहां यात्रा में 24 घंटे लगते थे, वहीं अब 12 घंटे लगेंगे। यह एक्सप्रेस-वे छह राज्यों – दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा तथा कोटा, इंदौर, जयपुर, भोपाल, वडोदरा और सूरत जैसे मुख्य शहरों को जोड़ेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।