1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. साढ़ू के घर पहुंचे कपल ने उठाया आत्मघाती कदम, पत्नी का गला घोंटा, फेट से मार-मारकर चेहरा बिगाड़ा, फिर ओढ़नी से फंदा लगाकर झूल गया

साढ़ू के घर पहुंचे कपल ने उठाया आत्मघाती कदम, पत्नी का गला घोंटा, फेट से मार-मारकर चेहरा बिगाड़ा, फिर ओढ़नी से फंदा लगाकर झूल गया

 Published : Jul 06, 2026 07:19 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 07:19 pm IST

भीलवाड़ा के आमली बरडोद गांव में सोमवार को दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां साढ़ू के घर पहुंचे कालू जाट ने अपनी पत्नी दुर्गा को लोहे की फेट मार-मारकर मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद ओढ़नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

मृतक दंपति की फाइल...- India TV Hindi
मृतक दंपति की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आमली बरडोद गांव मिलने आए साढ़ू के मकान में एक दंपती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पति ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर और लोहे की फेट (मुक्के) मारकर हत्या की और फिर खुद भी फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

साढ़ू के घर में खूनखराबा

सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एमओबी और FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। वहीं पुलिस ने मृतक दंपति के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया।

बिस्तर पर पड़ा मिला पत्नी का शव, पंखे पर झूलता मिला पति

भीलवाड़ा सदर डीवाईएसपी नेमीचंद ने कहा कि सोमवार सुबह हमीरगढ़ थाने में सूचना मिली थी कि बनका खेड़ा निवासी कालू जाट ने अपने साढ़ू हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में जगदीश जाट के घर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कालू जाट पंखे से फंदे पर लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी दुर्गा का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ था।

मृतक दंपति के मोबाइल फोन जब्त

मृतका दुर्गा के भाई जगदीश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि कालू जाट ने पहले अपनी पत्नी दुर्गा की गला दबाकर तथा लोहे की फेट (मुक्के) से हमला कर हत्या की और इसके बाद पत्नी की ओढ़नी से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिएृ। वहीं, मृतक दंपति के मोबाइल फोन जब्त कर उनका गहन तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियां थी वजह?

डीवाईएसपी नेमीचंद ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया परिजनों और ग्रामीणों का मानना है कि कालू जाट आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों से तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

बेलगाम डंपर ने ड्यूटी पर जा रहे बिजली कर्मी को रौंदा, CCTV में कैद हुई लाइव घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।