जैसलमेर: भारत-पाकिस्तान तनाव को देखते हुए राजस्थान के जैसलमेर में जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में पटाखों की दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान पटाखे फोड़ने, बेचने और खरीदने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गौरतलब है कि भारत, पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रवैया अपना रहा है, जिससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और भारत के खिलाफ हमले कर रहा है और नए हमलों को अंजाम देने की फिराक में है।
Related Stories
जारी की गाइडलाइन एवं निर्देश में क्या कहा गया?
जिला प्रशासन जैसलमेर द्वारा जारी की गाइडलाइन एवं निर्देश में बाजार सायं 5 बजे तक बंद करने की बात कही गई है। जिले में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्णतया ब्लैक आउट रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार की लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दुपहिया, तिपहिया एवं चार पहिया वाहन सहित समस्त प्रकार के वाहनों से होने वाला आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
डिफेंस एरिया के 5 किलोमीटर की परिधि के दायरे में आवागमन पूर्णतः वर्जित रहेगा, इस क्षेत्र में अवांछनीय रुप से कोई भी व्यक्ति घूमता हुआ नजर आएगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। रामगढ़-तनोट रोड पर जाने वाले व्यक्ति/यात्री दोपहर 3 बजे तक अपनी यात्रा पूर्ण कर लें, दोपहर 3 बजे के पश्चात रामगढ़-तनोट रोड़ पर आवागमन पूर्णतया वर्जित रहेगा।
भारत और पाक के बीच चरम पर तनाव
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चरम पर तनाव चल रहा है। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया है, जिसके बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और भारत पर हमला कर रहा है। हालांकि भारतीय सेना पूरी तरह मुस्तैद है और पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम कर रही है।
भारत से डरा पाकिस्तान LoC पर भी लगातार फायरिंग कर रहा है लेकिन भारतीय सेना उसे, उसी की भाषा में मुंहतोड़ जवाब दे रही है।