1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. महिला ने लगाई फांसी, परिजनों का आरोप- एंबुलेंस का दरवाजा जाम होने से गई जान

महिला ने लगाई फांसी, परिजनों का आरोप- एंबुलेंस का दरवाजा जाम होने से गई जान

 Published : Jan 21, 2025 02:30 pm IST,  Updated : Jan 21, 2025 02:56 pm IST

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस का दरवाजा जाम होने से उसकी जान चली गई।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : FREEPIK

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास करने वाली महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस का दरवाजा कथित तौर पर जाम होने के कारण महिला को समय से बाहर नहीं निकाला जा सका और इस कारण उसकी मौत हो गई है। इस घटना के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। वहीं, एक अधिकारी ने बताया है कि इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया है कि 45 साल की एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, कथित तौर पर एंबुलेंस का दरवाजा जाम हो गया। इसके बाद महिला को एंबुलेंस का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने क्या कहा?

मृतक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस का दरवाजा जाम होने के कारण वहां पर कीमती समय बर्बाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि गेट जाम होने के कारण महिला 15 मिनट तक एंबुलेंस के अंदर ही फंसी रह गई। बता दें कि जिला कलेक्टर ने इस मामले का संज्ञान लिया है और सहायक कलेक्टर को इसकी जांच सौंपी है।

जांच के लिए समिति का गठन

भीलवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने भी इस पूरी घटना को लेकर एक समिति का गठन किया है। समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। ये समिति एंबुलेंस का रिकॉर्ड, उसके अस्पताल पहुंचने का विवरण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य खामियों की जांच करेगी। वहीं, दूसरी ओर एंबुलेंस का परिचालन करने वाली फर्म ने इस बात से साफ इनकार कर दिया है कि महिला की मौत एंबुलेंस का दरवाजा जाम होने की वजह से हुई है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 4.7 कैरेट के हीरे पर उकेरा डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा, सूरत के ज्वैलर्स ने 2 महीने में किया तैयार; अमेरिकी राष्ट्रपति को गिफ्ट करेंगे

जयपुर में रेलवे कर्मचारी ने की आत्महत्या, ऑफिस में ही लगा ली फांसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।