1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. चूरू में बेकाबू ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवल को मारी टक्कर, दो सगी बहनों समेत 3 की मौत; 13 लोग घायल

चूरू में बेकाबू ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवल को मारी टक्कर, दो सगी बहनों समेत 3 की मौत; 13 लोग घायल

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Aug 04, 2026 12:02 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 12:09 pm IST

राजस्थान के चुरू ज़िले में तेज़ रफ़्तार ट्रेलर ट्रक की मिनी-बस से टक्कर होने के बाद दो बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए।

चूरू में रोड एक्सीडेंट- India TV Hindi
चूरू में रोड एक्सीडेंट Image Source : REPORTER

राजस्थान के चूरू जिले में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे तीर्थ यात्रा पर निकले परिवार को गहरे मातम में बदल दिया। सुजानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर सालासर रोड स्थित बोबासर पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही ट्रैवलर को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैवलर पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर रेफर किया गया है।

 
मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सुशीला साहू (70) पत्नी गंगाप्रसाद साहू, उर्मिला साहू (65) पत्नी छोटेलाल साहू व आनंदी कहार (16) पुत्री उत्पल कहार के रूप में हुई है। तीनों मृतक पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी थे। सुशीला और उर्मिला आपस में सगी बहनें थीं, जबकि आनंदी उनकी भतीजी की बेटी थी।

सालासर दर्शन के बाद पुष्कर जा रहा था परिवार

मृतकों के परिजन गंगाप्रसाद साहू ने बताया कि परिवार के 20 सदस्य 1 अगस्त को कोलकाता से जयपुर पहुंचे थे। इसके बाद 2 अगस्त को खाटूश्यामजी के दर्शन किए और वहीं रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह एक ट्रैवलर बुक कर सभी पहले सालासर बालाजी के दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद परिवार पुष्कर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
 
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

सुजानगढ़ सदर थाना प्रभारी मुकुट बिहारी मीणा के अनुसार, ट्रेलर जसवंतगढ़ की ओर से सालासर जा रहा था, जबकि ट्रैवलर सालासर से पुष्कर की ओर जा रही थी। बोबासर पुलिया के पास ट्रेलर चालक ने अपने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर लहराता हुआ सामने से आ रही ट्रैवलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर पुलिया के पास पलट गई, जबकि ट्रेलर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए हाईवे से नीचे लटक गया।
 
चालक फरार, बचाव अभियान चला

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रैवलर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जेसीबी की मदद से ट्रेलर को सड़क किनारे हटाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 16 वर्षीय आनंदी कहार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में शोक की लहर है। इससे पहले अभी हाल में ही बारां शहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। 

 

रिपोर्ट- अमित शर्मा

ये भी पढ़ेंः तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, छिन गई एक परिवार की खुशियां; CCTV में कैद हुआ हादसा

उदयपुर में घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।