1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Budh Gochar 2025: बुध 22 जून को कर्क राशि में करेंगे गोचर, आचार्य इंदु प्रकाश से जानें सभी 12 राशियों पर क्या होगा असर

Budh Gochar 2025: बुध 22 जून को कर्क राशि में करेंगे गोचर, आचार्य इंदु प्रकाश से जानें सभी 12 राशियों पर क्या होगा असर

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Naveen Khantwal
 Published : Jun 20, 2025 12:50 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 12:50 pm IST

Budh Gochar 2025: बुध ग्रह का गोचर 22 जून को कर्क राशि में हो जाएगा। बुध के गोचर के बाद सभी राशियों के जीवन में क्या परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं, आइए विस्तार से जानते हैं आचार्य इंदु प्रकाश से।

Mercury Transit 2025- India TV Hindi
बुध गोचर Image Source : FILE IMAGE

Budh Gochar 2025: बुध ग्रह 22 जून की रात 9 बजकर 32 मिनट पर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे और 18 जुलाई की सुबह 10 बजकर 12 मिनट तक कर्क राशि में ही गोचर करते रहेंगे, उसके बाद सिंह राशि में वक्री हो जायेंगे। बुध बुद्धि और वाणी के देवता हैं। यूनानी ज्योतिष के अनुसार बुध को वनस्पतियों का राजा भी कहा जाता है। जन्मपत्रिका में बुध का सीधा प्रभाव बिजनेस पर और दिमागी रूप से मेहनत वाले कामों पर पड़ता है, जबकि शरीर में इसका प्रभाव मुख्य रूप से गले और कन्धों पर रहता है। फिलहाल बुध के कर्क राशि में इस गोचर का विभिन्न राशि वालों पर क्या असर होगा, बुध उनके किस स्थान पर गोचर करेंगे और उस स्थिति में शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये क्या उपाय करने चाहिए, अब हम इसकी चर्चा करेंगे। 

मेष राशि

बुध आपके चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के चौथे स्थान का सम्बन्ध हमारे भवन, भूमि, वाहन तथा माता से है। बुध के इस गोचर से आपको भौतिक सुखों की प्राप्ति होगी। आपको भूमि-भवन और वाहन का लाभ मिलेगा, लेकिन ये सब आपको अपनी मेहनत के बल पर ही हासिल होगा। इस दौरान आपको अपने कार्यों में धैर्य बनाकर रखने की आवश्यकता है। हालांकि आपको अपनी माता का पूरा सहयोग मिलेगा। आपका स्वास्थ्य भी ठीक-ठाक बना रहेगा। लिहाजा 18 जुलाई तक बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये-केसर का तिलक अपने मस्तक पर लगाएं या फिर थोड़ा-सा केसर एक डिब्बी में लेकर आप अपने पास भी रख सकते हैं।

वृष राशि

बुध आपके तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे पराक्रम, भाई-बहन तथा यश से है। बुध के इस गोचर से आपको अपने कामों में भाई-बहनों से पूरा सहयोग प्राप्त होगा। उनके साथ आपके रिश्ते बेहतर बने रहेंगे और आपके सारे काम बनेंगे। आप दूसरों को अपनी बाते समझाने में और अपनी बातों से दूसरों को प्रभावित करने में सफल होंगे। इस दौरान आपको आर्थिक रूप से फायदा मिलेगा। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- 18 जुलाई तक सुबह उठकर फिटकरी से अपने दांत साफ करें।

मिथुन राशि

बुध आपके दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे धन तथा स्वभाव से है। बुध के इस गोचर से आपको आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा। इस दौरान आपकी बौद्धिक क्षमता ठीक रहेगी। आपको नई चीज़ें सिखने को मिलेंगी। इस दौरान आपके शत्रु भी आपसे दूर ही रहेंगे। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये 18 जुलाई तक- अपने पास चांदी की कोई चीज़ रखें।

कर्क राशि

बुध आपके पहले स्थान यानि लग्न स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका में लग्न यानि पहले स्थान का सम्बन्ध हमारे शरीर तथा मुख से है। बुध के इस गोचर से आपको राजा के समान सुख प्राप्त होगा। इस दौरान आपको अपनी संतान के द्वारा किये गये कामों पर भी विशेष ध्यान बनाकर रखना चाहिए। साथ ही इस बीच विदेश के बजाय अपने देश में रहकर ही काम करना आपके लिये ज्यादा फायदेमंद होगा। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये- - 18 जुलाई तक जब भी आपको मौका मिले, हरे रंग की चीज़ें मन्दिर में दान करें।

सिंह राशि

बुध आपके बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान का सम्बन्ध आपके व्यय तथा शैय्या सुख से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको शैय्या सुख पाने के लिये कोशिश करनी होगी। साथ ही आपको अपनी आमदनी भी संभलकर खर्च करनी चाहिए। आजीविका में कुछ उतार-चढ़ाव बन सकते हैं। लिहाजा बुध के अशुभ फलों से बचने के लिये- आपको 18 जुलाई तक अपने गले में पीले रंग का धागा पहनना चाहिए। 18 जुलाई के बाद आप उस धागे को निकालकर बहते जल में प्रवाहित कर दें।

कन्या राशि

बुध आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान का सम्बन्ध हमारे आय तथा इच्छाओं की पूर्ति से होता है। बुध के इस गोचर से आपकी कोई इच्छा बहुत दिनों से पूरी नहीं है, तो वो 18 जुलाई तक पूरी हो जायेगी। आपको अचानक धन लाभ का मौका मिलेगा। आपको हर तरह के सुख - साधनों की प्राप्ति होगी। आपकी संतान को भी इस दौरान पढ़ाई का लाभ मिलेगा। लिहाजा बुध के शुभ फलों को बनाये रखने के लिये- 18 जुलाई तक गले में तांबे का पैसा धारण करें।

तुला राशि

बुध आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दसवें स्थान का सम्बन्ध हमारे करियर, राज्य तथा पिता से होता है। बुध के इस गोचर से आपको करियर में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। आपके पिता के करियर की गति भी इस बीच कुछ थम - सी जायेगी। 18 जुलाई तक जीभ का स्वाद आप पर भारी पड़ सकता है। इस दौरान आपको अपनी और अपने पिता की सेहत का ख्याल रखना चाहिए। लिहाजा बुध के अशुभ फलों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- 18 जुलाई तक आपको मां दुर्गा की उपासना करनी चाहिए।

वृश्चिक राशि

बुध आपके नवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के नौवें स्थान का सम्बन्ध हमारे भाग्य से होता है। बुध के इस गोचर से आपको अपने भाग्य का साथ मिलेगा। आप जितनी मेहनत करेंगे, उसका पूरा-पूरा फल आपको मिलेगा। 18 जुलाई तक आपकी सेहत भी ठीक-ठाक बनी रहेगी। आपकी आर्थिक स्थिति भी ठीक बनी रहेगी। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये और अशुभ फलों से बचने के लिये- आपको 18 जुलाई तक लोहे की लाल रंग की गोलियां अपने पास रखनी चाहिए।

धनु राशि

बुध आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के आठवें स्थान का सम्बन्ध हमारी आयु से है। बुध के इस गोचर से आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी। आप शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहेंगे। आप किसी नये विषय पर अच्छे से सोच पायेंगे और अपना काम भी ठीक ढंग से कर पायेंगे। आपको अपनी मेहनत का अच्छा रिजल्ट जल्द ही मिलेगा। तो बुध के शुभ फलों को सुनिश्चित करने के लिये- बुधवार के दिन मिट्टी के बर्तन में पिसी हुई शक्कर डालकर घर से दूर कहीं विराने में दबा दें।

मकर राशि

बुध आपके सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के सातवें स्थान का सम्बन्ध हमारे जीवनसाथी से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से जीवनसाथी के साथ आपके रिश्तों में कुछ अनबन हो सकती है। आपको अपने रिश्तों को संभालकर रखने की जरूरत है। साथ ही अपने जीवनसाथी की सेहत का खास ख्याल भी रखना चाहिए। लिहाजा बुध के अशुभ फलों से बचने के लिये- बुधवार के दिन पानी में भीगे हुए हरे मूंग को मन्दिर में दान करें।

कुंभ राशि

बुध आपके छठे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के छठे स्थान का सम्बन्ध हमारे मित्र, शत्रु तथा स्वास्थ्य से है। बुध के इस गोचर से आपको मित्रों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा और शत्रु आपके करीब भी नहीं आयेंगे। आप खुले दिल वाले होंगे और आपके मुंह से निकले शब्द दूसरों को हर समय प्रभावित करेंगे। इस दौरान धैर्य आपकी सारी परेशानियों का हल निकाल देगा। प्रिंटिंग, प्रेस और कागज, कलम से जुड़े लोगों को भी अच्छा फायदा मिलेगा। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले किसी कन्या का आशीर्वाद जरूर लें।

मीन राशि

बुध आपके पांचवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पांचवे स्थान का सम्बन्ध हमारे संतान, बुद्धि, विवेक और रोमांस से है। बुध का यह गोचर आपको विद्या का लाभ दिलायेगा। पढ़ाई-लिखाई में आपका मन लगेगा। गुरु से भी उचित सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही लवमेट के साथ आपके रिश्ते बेहतर रहेंगे। आपको सभी शुभ फल सामान्य रूप से प्राप्त होते रहेंगे। लिहाजा बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये 18 जुलाई तक- गाय की सेवा करें, उसे चारा खिलाएं। 

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें: 

Ashadha Amavasya 2025: जून में किस दिन है आषाढ़ अमावस्या? जान लें सही डेट और पूजा मुहूर्त

Yogini Ekadashi: योगिनी एकादशी पर कर लें तुलसी के ये उपाय, धन-धान्य और सुख में होगी वृद्धि

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।