1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 5 ऐसे मौके जब क्रिकेटर नहीं रोक पाए अपने आंसू, कोई लाइव मैच में, तो कोई मीडिया के सामने रोया

5 ऐसे मौके जब क्रिकेटर नहीं रोक पाए अपने आंसू, कोई लाइव मैच में, तो कोई मीडिया के सामने रोया

 Written By: Manoj Shukla
 Published : Mar 30, 2018 01:00 pm IST,  Updated : Mar 30, 2018 01:00 pm IST

क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे मौके आए हैं जब क्रिकेटर रोते पाए गए हैं।

जब क्रिकेटर नहीं रोक...- India TV Hindi
जब क्रिकेटर नहीं रोक पाए अपने आंसू

क्रिकेट दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है और फैंस खिलाड़ियों को अपना आदर्श, हीरो और भगवान तक मान लेते हैं। इस खेल को जुनून की तरह चाहने वाले फैंस अपने चहेते खिलाड़ियों को भी दीवानों की तरह चाहते हैं। भले ही उनके स्टार खिलाड़ी कितनी भी बड़ी गलती क्यों ना कर दें लेकिन उनके एक आंसू के बाद फैंस का दिल पिघल जाता है और वो उनकी सारी गलतियां भूल जाते हैं। हाल ही में स्टीवन स्मिथ के साथ भी ऐसा ही कुछ देखा गया। स्मिथ को बेईमान कहा जा रहा था और दुनियाभर में उनकी आलोचना हो रही थी। लेकिन जैसे ही वो मीडिया के सामने रोए वैसे ही फैंस दोबारा उनके समर्थन में आ गए। आज हम आपको वो 5 लम्हे बताएंगे जब क्रिकेटर अपने आंसू नहीं रोक सके और फूट पड़े।

स्टीवन स्मिथ: इस लिस्ट में सबस नया नाम है ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्मिथ का। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने गेंद से छेड़छाड़ की। जिसके बाद उनपर कई तरह के आरोप लगे। स्मिथ को एक साल के लिए बैन क दिया गया और जब वो ऑस्ट्रेलिया पहुंचे तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुरी तरह रोने लगे।

एबी डी विलियर्स: क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शुमार किए जाने वाले एबी डी विलियर्स भी मैदान पर बच्चों की तरह रो चुके हैं। दरअसल, 2015 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में टीम को बेहद रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड से हार झेलनी पड़ी थी। मैच एक समय दक्षिण अफ्रीका की मुट्ठी में था लेकिन आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड ने बाजी मार ली थी। इस हार के बाद पूरी दक्षिण अफ्रीका की टीम रो पड़ी थी। वहीं, डी विलियर्स को बुरी तरह रोते देखा गया था।

एम एस धोनी: एम एस धोनी को मिस्टर कूल कहा जाता है। दावा किया जाता है कि धोनी हर परिस्थिति में एक समान रहते हैं और कुद पर काबू रखना जानते हैं। लेकिन 2015 के विश्व कप में धोनी भी खुद पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखें भी भर आई थीं। विश्व कप के सेमीफाइनल में टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी थी और इसके बाद धोनी बिलखते देखे गए थे।

युवराज सिंह: साल 2011 के विश्व कप में युवराज सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और अपने ऑल राउंड खेल की बदौलत टीम इंडिया को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। बेहद कम लोगों को पता था कि युवराज कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी युवराज खेले और जमकर खेले। आखिर में भारत ने दूसरी बार विश्व कप जीतने में सफलता पाई और इसके बाद भारत का हर खिलाड़ी खुशी के मारे रोने लगे। इस दौरान युवराज सिंह भी कैमरे पर रोते पाया देखे गए।

कपिल देव: भारत को 1983 में पहली बार विश्व कप दिलाने वाले कपिल देव भी मीडिया के सामने फूट चुके हैं। दरअसल, 2000 में भारतीय टीम पर मैच फिक्सिंग के आरोप लगे थे और इसके छींटे कपिल देव तक भी पड़े थे। जवाब में जब कपिल मीडिया के सामने सफाई देने आए तो अपने आपको रोक नहीं सके और रोने लगे।

क्रिकेटरों का रोना ये दर्शाता है कि वो भी इंसान हैं। भले ही वो करोड़ों लोगों के आदर्श या भगवान हों लेकिन गलती या ज्यादा खुशी होने पर वो भी खुद को रोक नहीं पाते और उनके भी आंसू छलक जाते हैं। अभी इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर भी शामिल हो सकते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल