1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार के बाद भी जमकर रही है बांग्लादेश की तारीफ, हर कोई कर रहा है जज्बे को सलाम

हार के बाद भी जमकर रही है बांग्लादेश की तारीफ, हर कोई कर रहा है जज्बे को सलाम

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Sep 29, 2018 05:52 pm IST,  Updated : Sep 29, 2018 05:52 pm IST

बांग्लादेश की टीम ने फाइनल मुकाबले में भारत को कड़ी टक्कर दी थी और टीम इंडिया बेहद मुश्किल से मुकाबले को जीत पाई थी।

Bangladesh Team- India TV Hindi
Bangladesh Team Image Source : AP

एशिया कप फाइनल के रोमांचक मुकाबले में भारत से मिली हार के बाद भी स्थानीय मीडिया ने बांग्लादेश के प्रदर्शन की तारीफ की। सलामी बल्लेबाज लिटन दास की पहली शतकीय पारी के बाद भी बांग्लादेश 50 ओवर के इस मुकाबले में महज 222 रन बना सका। भारत को इस लक्ष्य को पाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। छठे विकेट के लिए रविन्द्र जडेजा और भुवनेश्वर कुमार ने 45 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और चोटिल केदार जाधव ने नाबाद 23 रन की पारी खेल टीम की जीत सुनिश्चित की। 

बांग्लादेश के अखबार डेली स्टार की हेडलाइन थी, ‘‘टाइगर्स (बांग्लादेश टीम) बहुत कम अंतर से चूक गए।’’ इस अंग्रेजी अखबार ने लिखा, ‘‘टूर्नामेंट की शानदार शुरूआत के बाद टीम की बल्लेबाजी बिखर गई, लेकिन बांग्लादेश को अपनी गेंदबाजी पर फख्र होना चाहिए। वे कई बार जीत के करीब पहुंच कर चूक गए।’’ एक अन्य अखबार डेली न्यू एज ने शीर्षक दिया, ‘‘निडर बांग्लादेश थोड़ा पीछे रह गया।’’ अखबार ने लिटन दास को देश का भविष्य बताते हुए लिखा कि उन्होंने 117 गेंद में 121 रन की पारी में अपना कौशल दिखाया। 

भारत के पूर्व क्रिकेटरों वीवीएस लक्ष्मण और मोहम्मद कैफ ने भी बांग्लादेश की तारीफ की। लक्ष्मण ने ट्वीट किया, ‘‘भारत को चैम्पियन बनने पर बधाई। शाकिब (अल हसन) और तमीम (इकबाल) की गैरमौजूदगी में बांग्लादेश ने कड़ी टक्कर दी और हार नहीं मानने का जज्बा दिखाया। केदार जाधव की जीवटता और प्रतिबद्धता दिखाने के लिए तारीफ के हकदार हैं।’’ कैफ ने ट्वीट किया, ‘‘एशिया कप जीतने पर भारत को बधाई। पूरे टूर्नामेंट में टीम की गेंदबाजी शानदार रही। बांग्लादेश ने पूरा जोर लगाया और मैच को आखिरी क्षण तक ले गए। शानदार।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल