Sunday, March 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ENG vs AUS 2nd T20I : ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचा इंग्लैंड

ENG vs AUS 2nd T20I : ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचा इंग्लैंड

Reported by: Bhasha Published : Sep 06, 2020 11:17 pm IST, Updated : Sep 06, 2020 11:17 pm IST

ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। इस जीत से इंग्लैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी20 रैकिंग में ऑस्ट्रेलिया की जगह नंबर एक स्थान भी सुनिश्चित कर दिया। 

ENG vs AUS 2nd T20I: England topped ICC rankings by defeating Australia by 6 wickets- India TV Hindi
Image Source : PTI ENG vs AUS 2nd T20I: England topped ICC rankings by defeating Australia by 6 wickets

साउथम्पटन। जोस बटलर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नाबाद 77 रन की धमाकेदार पारी खेली जिससे इंग्लैंड ने रविवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। इस जीत से इंग्लैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी20 रैकिंग में ऑस्ट्रेलिया की जगह नंबर एक स्थान भी सुनिश्चित कर दिया। 

ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती झटकों से उबरकर सात विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। बटलर की 54 गेंद पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से खेली गयी पारी तथा डेविड मालन (32 गेंदों पर 42 रन, सात चौके) के साथ 87 रन की साझेदारी से इंग्लैंड ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 158 रन बनाकर जीत दर्ज की। 

ये भी पढ़ें - दिल्ली कैपिटल्स के सहायक फिजियोथेरेपिस्ट पाए गए कोरोना पॉजिटिव, फ्रैंचाइजी ने दी जानकारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे आस्ट्रेलिया का स्कोर पांच ओवर तक तीन विकेट पर 30 रन था जो कप्तान आरोन फिंच (33 गेंदों पर 40) और मार्कस स्टोइनिस (26 गेंदों पर 35) के आउट होने से 13 ओवर में पांच विकेट पर 89 रन हो गया। ग्लेन मैक्सवेल (18 गेंदों पर 26) और एस्टन एगर (20 गेंदों पर 23) की पारियों से ऑस्ट्रेलिया अंतिम सात ओवरों में 68 रन जोड़ने में सफल रहा। 

इंग्लैंड ने भी जॉनी बेयरस्टॉ (9) का विकेट जल्दी गंवा दिया जो हिटविकेट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बटलर और मालन ने बखूबी जिम्मेदारी संभाली। ये दोनों स्कोर 100 रन के पार ले गये लेकिन इसके बाद आस्ट्रेलियाई स्पिनरों ने शिकंजा कस दिया। एगर (27 रन देकर दो) ने मालन और टॉम बैंटन (दो) को जबकि एडम जंपा (42 रन देकर एक) ने कप्तान इयोन मोर्गन (सात) को आउट करके मैच को रोमांचक बना दिया। 

ये भी पढ़ें - राष्ट्रीय कुश्ती शिविर को लेकर बढ़ी चिंता, राहुल अवारे को हुआ कोरोनावायरस

जब इंग्लैंड के बल्लेबाज काफी दबाव में थे तब फिंच का जंपा को 19वां ओवर सौंपने का फैसला गलत साबित हुआ। इस लेग स्पिनर ने पांच गेंद के अंदर 18 रन दे दिये। मोइन अली (छह गेंद पर नाबाद 13) ने छक्का और चौका लगाया जबकि बटलर ने विजयी छक्का जड़ा। इससे पहले इंग्लैंड के लिये आदिल राशिद और मार्क वुड (दोनों चार ओवर में 25 रन देकर एक) ने किफायती गेंदबाजी की जबकि क्रिस जोर्डन (40 रन देकर दो) सबसे सफल गेंदबाज रहे।

पैट कमिन्स (पांच गेंद पर नाबाद 13) ने पारी के अंतिम ओवर में जोफ्रा आर्चर (31 रन देकर एक) का गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ा। आस्ट्रेलिया ने आर्चर की तीसरी गेंद पर ही विस्फोटक डेविड वार्नर का विकेट गंवा दिया जिन्होंने अंपायर के फैसले को चुनौती भी दी लेकिन रीप्ले से साफ हो गया कि गेंद उनके दस्तानों को चूमकर गयी थी। 

ये भी पढ़ें - दो साल से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे शिखर धवन को अभी भी है वापसी की उम्मीद, दिया ये बड़ा बयान

ऊपरी क्रम में भेजे गये अलेक्सी कैरी (दो) ने मार्क वुड के अगले ओवर में विकेटकीपर जोस बटलर को कैच दे दिया। अनुभवी स्टीव स्मिथ (10) को इयोन मोर्गन ने अपने चपल क्षेत्ररक्षण से पवेलियन भेजा। इसके बाद फिंच और स्टोइनिस ने चौथे विकेट के लिये 49 रन जोड़े लेकिन इन दोनों के 10 रन के अंदर आउट हो जाने से टीम फिर से बैकफुट पर चली गयी। 

फिंच ने चार चौके और दो छक्के जबकि स्टोइनिस ने भी दो चौके और इतने ही छक्के लगाये। मैक्सवेल और एगर ने कुछ आकर्षक शॉट खेले। मैक्सवेल ने जोर्डन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच देने से पहले टॉम कुर्रेन पर लांग ऑन पर छक्का भी लगाया। 

आर्चर ने अपने आखिरी ओवर में 18 रन दिये जिसमें कमिन्स का चौका और छक्का भी शामिल है। तीसरा और अंतिम टी20 इसी मैदान पर आठ सितंबर को खेला जाएगा।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement