1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. फिटनेस कोच बासु ने कहा, कोहली ने एक बार भी बहाना नहीं बनाया

फिटनेस कोच बासु ने कहा, कोहली ने एक बार भी बहाना नहीं बनाया

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 02, 2019 06:34 pm IST,  Updated : Aug 02, 2019 06:34 pm IST

कोहली जैसे कप्तान की मौजूदगी से वह अपने काम को अधिक प्रभावशाली तरीके से कर पाये। 

विराट कोहली- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : TWITTER/BCCI

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम जब ‘फिटनेस संस्कृति’ विकसित करने की सोच रही थी तब शंकर बासु टीम से जुड़े और उन्होंने इस संतुष्टि के साथ अपना कार्यकाल समाप्त किया कि अब चाहकर भी कोई खिलाड़ी फिटनेस को कम करके नहीं आंक सकता। इस 50 वर्षीय फिटनेस कोच का चार साल का कार्यकाल विश्व कप के साथ ही समाप्त हो गया।

कोहली तो फिटनेस के प्रति भी जुनूनी है और पिछले दो वर्षों में उन्होंने एक दिन भी बहाना नहीं बनाया लेकिन बासु को सबसे अधिक संतुष्टि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी के फिटनेस स्तर पर आमूलचूल बदलाव को देखकर हुई।

भारतीय टीम के साथ अपना अनुबंध 30 जुलाई को समाप्त करने वाले बासु ने पीटीआई से कहा,‘‘जब मैंने शुरुआत की तो संस्कृति को बदलना चुनौती थी और अब 90 प्रतिशत टीम पेशेवर तरीके से ट्रेनिंग करती है। प्रत्येक टीम में एक या दो ऐसे होते हैं जिन पर अतिरिक्त ध्यान देना होता है।’’

उन्होंने केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, इशांत शर्मा, दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन के साथ भी काफी काम किया। उनकी नजर में रविंद्र जडेजा नैसर्गिक एथलीट है जो अपने शरीर के बारे में जानता है और संभवत: अभी दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक है।

बासु ने कहा,‘‘मैं सही समय पर टीम से जुड़ा। भारतीय टीम बदलाव चाहती थी और यह जिम्मेदारी मुझे सौंपी गयी कि मैं फिटनेस संस्कृति विकसित करूं। मैंने इसके लिये कड़ी मेहनत की। मैं भाग्यशाली रहा कि मैंने ऐसे कोचिंग और सहयोगी स्टाफ के साथ काम किया जिसने मुझे ट्रेनिंग के संबंध में स्वतंत्र फैसले करने की छूट दी।’’

कोहली जैसे कप्तान की मौजूदगी से वह अपने काम को अधिक प्रभावशाली तरीके से कर पाये। बासु ने कहा, ‘‘जब आप उसके जैसे किसी को देखते हैं तो प्रेरित हुए बिना नहीं रह सकते। वह शायद ही कभी आपको धोखा दे। मैंने पिछले दो वर्षों में एक बार भी उसे बहाना बनाते हुए नहीं देखा। मैं आपको बता रहा हूं कि यह लड़का फिटनेस के प्रति जुनूनी है। महीनों साथ रहने पर मुझे उसे जबर्दस्ती आराम करने के लिये कहना होगा।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल