1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: चेतेश्वर पुजारा ने अर्धशतक लगाकर दूसरे बल्लेबाजों को पढ़ाया बल्लेबाजी का पाठ

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: चेतेश्वर पुजारा ने अर्धशतक लगाकर दूसरे बल्लेबाजों को पढ़ाया बल्लेबाजी का पाठ

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 06, 2018 11:17 am IST,  Updated : Dec 06, 2018 09:17 pm IST

एक तरफ भारत के विकेट गिरते जा रहे थे, दूसरी तरफ चेतेश्वर पुजारा एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी कर रहे थे। पुजारा ने अपना 20वां अर्धशतक पूरा किया।

Cheteshwar Pujara- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara Image Source : GETTY IMAGES

भारतीय टीम की दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहद मुश्किल हालातों में अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया के बाकी के बल्लेबाजों के सामने उदाहरण पेश किया। एक तरफ भारतीय टीम के विकेट लगातार गिर रहे थे, तो दूसरी तरफ पुजारा ने एक छोर संभाले रखा और टिककर बल्लेबाजी करते रहे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए पुजारा ने धीरे-धीरे अपनी पारी को बढ़ाया और 153 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 

पुजारा के टेस्ट करियर का ये 20वां अर्धशतक है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली ये 7वीं फिफ्टी है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में पुजारा के बल्ले से ये दूसरा अर्धशतक निकला है। खास बात ये है कि पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया में जो दो अर्धशतक लगाए हैं वो दोनों ही उन्होंने एडिलेड में ही लगाए हैं।

इस अर्धशतक के साथ ही पुजारा ने दूसरे बल्लेबाजों को बल्लेबाजी का पाठ भी पढ़ाया। पुजारा के सामने भारत के लगातार विकेट गिर रहे थे। हर बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के जाल में फंसता जा रहा था। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ऑफ स्टंप के बाहर की लाइन पकड़कर गेंदबाजी कर रहे थे और ज्यादातर बल्लेबाज ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों को छेड़ने के चक्कर में आउट होते चले गए।

लेकिन पुजारा ने अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सोच-समझकर बल्लेबाजी करते रहे। पुजारा के धैर्य का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने अर्धशतक के लिए 150 से ज्यादा गेंदें लीं। आपको ये भी बता दें कि पुजारा ने अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 14,000 रन पूरे कर लिए हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल