1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, पहला टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका का जबरदस्त पलटवार, दिन का खेल खत्म होने तक भारत 28/3

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, पहला टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका का जबरदस्त पलटवार, दिन का खेल खत्म होने तक भारत 28/3

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 05, 2018 09:44 pm IST,  Updated : Jan 05, 2018 09:44 pm IST

286 रन पर सिमटने के बाद दक्षिण अफ्रीका की शानदार वापसी, भारत के 3 विकेट गिरे।

दक्षिण अफ्रीका टीम- India TV Hindi
दक्षिण अफ्रीका टीम

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक रोहित शर्मा (0) और चेतेश्वर पुजारा (5) रन पर नाबाद हैं। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका के स्कोर (286) से भारत अभी भी 258 रन पीछे है। पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का पहला विकेट 16, दूसरा 18, तीसरा विकेट 27 रन के कुल योग पर गिर गया। 

पहले विकेट के रूप में मुरली विजय (1), दूसरे विकेट के रूप में शिखर धवन (16), तीसरे विकेट के रूप में कोहली (5) रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसके बाद पुजारा और रोहित ने दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। पहले दिन दक्षिण अफ्रीका की तरफ से वेर्नन फिलैंडर, डेल स्टेन, मॉर्ने मॉर्केल ने 1-1 विकेट हासिल किया। 

इससे पहले टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 286 रनों पर समेट दिया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट भुवनेश्वर कुमार (4) ने लिए। इसके अलावा आर अश्विन ने 2, पंड्या, शमी, बुमराह को 1-1 विकेट हासिल हुआ। वहीं एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से डी विलियर्स ने सबसे ज्यादा (65), डू प्लेसी ने (62) रनों की पारी खेली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पहला विकेट (0), दूसरा विकेट (7) और तीसरा विकेट (12) पर गंवा दिया। इस दौरान टीम ने डीन एल्गर (0), एडेन मार्कराम (5), हाशीम आमला (3) के विकेट खोए। सिर्फ 7 रन पर 3 विकेट गिर जाने के बाद टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज डी विलियर्स और कप्तान डू प्लेसी ने पारी को संभाला और दोनों ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभाला और स्कोर को पहले 50 और फिर 100 के पार पहुंचा दिया। इस दौरान डी विलियर्स ने तेजी से रन बनाए और शानदार अर्धशतक ठोक दिया।

हालांकि इसी बीच डी विलियर्स (65) रन बनाकर आउट हो गए और टीम इंडिया को चौथी सफलता मिल गई। अभी टीम के स्कोर में 16 रन और जुड़े थे कि डू प्लेसी (62) भी पवेलियन लौट गए और टीम बैकफुट पर आ गई। किसी तरह क्विंटन डी कॉक और वेर्नन फिलैंडर ने स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। लेकिन इसी दौरान डी कॉक (43) और फिलैंडर (23) रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय टीम ने यहां से मैच में शिकंजा कस दिया। किसी तरह दक्षिण अफ्रीका की टीम ने स्कोर को 250 के पार पहुंचाया लेकिन आकिर में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को 286 रनों पर ऑल आउट कर दिया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल