भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मैच में भी बिना उपकप्तान के खेल रही है। पहले मैच की तरह कोहली ने दूसरे मैच में भी अजिंक्य रहाणे को टीम में जगह नहीं दी और उनकी जगह रोहित शर्मा को ही बनाए रखा। लगातार दूसरे मैच में रहाणे को बाहर रखने के कोहली के फैसले पर फिर से सवाल उठ रहे हैं और आलोचक इसे गलत ठहरा रहे हैं। अगर रोहित ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया होता तो किसी को भी इससे परेशानी नहीं होती लेकिन पहले टेस्ट की दोनों पारियों में रोहित का बल्ला खामोश रहा और इसके बावजूद कोहली ने रहाणे को दूसरे टेस्ट में भी मौका नहीं दिया।
Related Stories
इसमें कोई दोराय नहीं है कि रोहित ने घर पर पिछले साल बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और जमकर रन बनाए थे। लेकिन अगर आप रोहित के विदेशों में आंकड़ों पर नजर डालें तो ये बेहद ही मामूली नजर आते हैं। वहीं दूसरी तरफ रहाणे ने इस दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया है और विदेशों में भी उनके बल्ले से जमकर रन निकले हैं।
रहाणे मौजूदा भारतीय टीम में चुनिंदा खिलाड़ी हैं जिनका औसत विदेशों में 50 के ऊपर का है। ऐसे में कोहली का रहाणे को टीम में जगह ना देना थोड़ा हैरान करता है। माना कि कोहली ने मौजूदा फॉर्म को तरजीह दी लेकिन वो ये भूल गए कि विदेशों में फॉर्म में साथ-साथ मजबूत तकनीक की भी जरूरत होती है। आपको बता दें कि भारतीय टीम पहले टेस्ट को हार चुकी है और टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद अहम है।