हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में जारी आईपीएल-8 के 48वें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के सामने जीत के लिए 186 रनों की चुनौती पेश की है। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे सनराइजर्स ने कप्तान डेविड वार्नर (81) और शिखर धवन (24) की बदौलत शानदार शुरुआत की और छह ओवर में 56 रन जोड़ लिए।
इसके बाद सातवां ओवर लेकर ग्लेन मैक्सवेल आए और पहली ही गेंद पर धवन को विकेट के पीछे कैच करा दिया। धवन ने 18 गेंदों में चार बाउंड्री लगाए।
वार्नर ने इसके बाद मोएसिस हेनरिक्स (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाले रखा। इस बीच वार्नर ने 36 गेंदों में चौर चौके और तीन छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
गुरकीरत सिंह की गेंद पर हेनरिक्स अनुरीत सिंह को कैच थमा बैठे। हेनरिक्स ने इस बीच 24 गेंदों का सामना किया और चार चौके लगाए।
हेनरिक्स के बाद बल्लेबाजी करने उतरे इयान मोर्गन ने 15वें ओवर में दो छक्के और एक चौके की मदद से तेजी से 17 रन बटोर लिए हालांकि अगले ही ओवर में वह ब्यूरॉन हेंड्रिक्स को अपना विकेट थमा बैठे। मोर्गन का कैच मनन वोहरा ने लिया।
हेंड्रिक्स ने अपने अगले ओवर में वार्नर और नमन ओझा (2) के विकेट चटका, सनराइजर्स को आखिरी के ओवरों में ज्यादा रन बटोरने से रोक दिया। इस ओवर में हेंड्रिक्स ने सिर्फ दो रन दिए। नमन ओझा रन आउट हुए।
वार्नर का कैच गुरकीरत सिंह ने लिया। वार्नर ने 52 गेंदों की अपनी नायाब पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। इसके साथ ही वार्नर ने आईपीएल-8 में 500 रन पूरे कर लिए और सर्वाधिक रन बनाने के मामले में शीर्ष पर पहुंच गए। आईपीएल-8 में वार्नर का यह छठा अर्धशतक है।
सनराइजर्स अच्छी शुरुआत का लाभ नहीं उठा सके और आखिरी के पांच ओवरों में मात्र 45 रन जोड़ सके।