मोहली, पंजाब क्रिकेट संघ स्टेडियम में सोमवार को जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 27वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन के सामने जीत के लिए 151 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे सनराइजर्स के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (58) ने सबसे बड़ी पारी खेली। वार्नर ने 41 गेंदों की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया।
लगातार अंतराल पर गिरते विकेट और धीमी रन गति के बीच आखिर में आशीष रेड्डी (22 नाबाद) ने तेजी से रन बटोरते हुए टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया।
सनराइजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 150 रन बनाए।
रेड्डी ने आठ गेंदों में एक चौका और दो छक्के जमाए। यह दोनों छक्के उन्होंने आखिरी ओवर में जड़े।
वार्नर के साथ पारी की शुरुआत करने आए शिखर धवन (1) नाकाम रहे और पारी के दूसरे ओवर में मिशेल जानसन की गेंद पर मुरली विजय को कैच थमा बैठे। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए हनुमा विहारी भी नौ रनों का योगदान कर सके।
वार्नर और विहारी के बीच दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। छह ओवर तक 56 रनों पर दो विकेट गंवा चुकी सनराइजर्स को तीसरा झटका 20 रनों के बाद ही वार्नर के रूप में लगा। उन्हें अक्षर पटेल ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद मोएसिस हेनरिक्स (30) और नमन ओझा (28) ने चौथे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालने का प्रयास किया। पारी के 17वें ओवर में हालांकि पटेल ने ओझा को डेविड मिलर के हाथों कैच कराकर इस जोड़ी को तोड़ा।
किंग्स इलेवन की ओर से जानसन और पटेल ने दो-दो सफलताएं हासिल की। अनुरीत सिंह और संदीप शर्मा को एक-एक विकेट मिला।