हैदराबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके किंग्स इलेवन पंजाब से भिड़ेगा। सनराइजर्स के 11 मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हैं और टीम प्लेऑफ के मुहाने पर खड़ी है। उन्हें लीग चरण में कुल तीन मैच और खेलने हैं।
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान डेविड वार्नर आईपीएल के इस संस्करण में सनराइजर्स की सफलता के मुख्य स्तंभ रहे हैं। इसके अलावा मध्यक्रम में हेनरिक्स, इयान मोर्गन, रवि बोपारा और नमन ओझा बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
दूसरी ओर, किंग्स इलेवन की बात करें तो अब उनके लिए टूर्नामेंट में खोने के लिए कुछ भी नहीं रह गया है। यह टीम पिछले साल उप-विजेता रही थी। इस बार हालांकि किंग्स इलेवन को 11 मैचों में केवल दो जीत ही नसीब हुई है। किंग्स इलेवन चार अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचले पायदान पर है।
बल्लेबाजी में आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल, वीरेंद्र सहवाग, मुरली विजय जहां बुरी तरह असफल रहे हैं, वहीं तेज गेंदबाज मिशेल जानसन भी अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
बहरहाल, किंग्स इलेवन की कोशिश अब बाकी बचे तीन मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर सम्मान के साथ विदा लेने की होगी।
टीम (संभावित) :
सनराइजर्स हैदराबाद : डेविड वार्नर (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, कर्ण शर्मा, नमन ओझा, चामा मिलिंद, भुवनेश्वर कुमार, इशांत शर्मा, परवेज रसूल, आशीष रेड्डी, लक्ष्मी रतन शुक्ला, प्रवीण कुमार, प्रशांत पद्मनाभम, हनुमा विहारी, सिद्धार्थ कौल, डेल स्टेन, मोएसिस हेनरिक्स, रिकी भुई, इयान मोर्गन, रवि बोपारा, ट्रेंट बाउल्ट।
किंग्स इलेवन पंजाब : जॉर्ज बेले (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, मुरली विजय, ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, रिद्धिमान साहा, मिशेल जानसन, अक्षर पटेल, अनुरीत सिंह, संदीप शर्मा, थिसारा परेरा, गुरकीरत सिंह मान, करणवीर सिंह, मनन वोहरा, परविंदर अवाना, रिषि धवन, ब्यूरॉन हेंड्रिक्स, शार्दुल ठाकुर, शॉन मार्श, शिवम शर्मा, निखिल नाइक, योगेश गोलवलकर।